भिंड : जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में बस नहीं रोकने पर कंडक्टर का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अगवा किए गए कंडक्टर को मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पीड़ित कंडक्टर ने बदमाशों पर लूट का भी आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, मामले की जांच जारी है।
गोहद चौराहा थाना पुलिस के अनुसार, गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव का रहने वाला पप्पन तोमर केएस भदावर ट्रैवल्स की बस में कंडक्टर है। 20 जून को ग्वालियर से भिंड आ रही बस जब बाराहेड क्षेत्र के पास पहुंची तो संतोष भदौरिया नामक व्यक्ति ने पेट्रोल पंप के पास खड़े होकर बस रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन अधिकृत बस स्टैंड नहीं होने के कारण कंडक्टर ने बस नहीं रुकवाई, संतोष भदौरिया को यह बात बुरी लगी और उसने कंडक्टर से रंजिश मान ली।
पप्पन तोमर के अनुसार, 21 जून की शाम करीब 5 बजे उसे एक परिचित ने कॉल कर गोहद रोड स्थित गोविंद ढाबे पर बुलाया, जैसे ही वह वहां पहुंचा, सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए संतोष भदौरिया, अभिषेक भदौरिया, शैलेन्द्र भदौरिया, आकाश भदौरिया, वरुण भदौरिया और धर्मेंद्र भदौरिया ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने कट्टा तानकर धमकाया और जबरन कार में डालकर ले गए। मालनपुर क्षेत्र के पाना पुल के पास खेतों में आरोपियों ने कार रोकी और फिर उसके साथ बेल्ट, लात और घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान उसे धमकी दी गई कि अगर पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों का पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख आरोपी कंडक्टर पप्पन तोमर को छोड़कर फरार हो गए, पुलिस ने घायल कंडक्टर को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है।