राज्य

नेपाल की बाढ़ के बाद मेघालय सरकार सतर्क

लापता लोगों की जानकारी मांगी

शिलांग : नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद मेघालय सरकार ने राज्य के उन लोगों की जानकारी जुटाने की पहल की है, जो नेपाल के प्रभावित इलाकों में मौजूद हो सकते हैं या बाढ़ के बाद से जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। मेघालय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने गुरुवार को लोगों से ऐसे व्यक्तियों की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। कई लोगों के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। ऐसे में मेघालय के नागरिकों की सुरक्षा और उनके बारे में सही जानकारी जुटाने के लिए राज्य स्तर पर निगरानी शुरू की गई है। SDMA ने परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों के अलावा ट्रैवल एजेंसियों, टूर ऑपरेटरों और आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नेपाल में मौजूद किसी ऐसे व्यक्ति की जानकारी है, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो वे तत्काल प्राधिकरण को सूचित करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। प्राधिकरण ने लापता व्यक्ति का नाम और उम्र, संपर्क नंबर, मेघालय में पता, नेपाल में आखिरी ज्ञात स्थान तथा आखिरी बार संपर्क होने की तारीख और समय उपलब्ध कराने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर उनका सत्यापन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के साथ साझा कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

भोटेकोशी नदी की बाढ़ से भारी तबाही

नेपाल में आई इस बाढ़ ने खास तौर पर चीन की सीमा से लगे इलाकों में भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस के अनुसार, भोटेकोशी नदी की बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। यह बाढ़ भोटेकोशी नदी की सहायक नदी ल्हेंदे का प्रवाह हिमस्खलन के कारण बाधित होने के बाद आई। बाढ़ का सबसे पहला बड़ा असर चीन की सीमा के पास स्थित रसुवागढ़ी के तिमुरे इलाके में देखने को मिला। इसके बाद तेज बहाव ने आसपास के गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य संरचनाओं को अपनी चपेट में ले लिया। आपदा के कारण कई इलाकों में संपर्क और आवागमन भी प्रभावित हुआ है। मेघालय सरकार की ओर से लापता लोगों की जानकारी जुटाने की पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक और अन्य लोग नेपाल की यात्रा करते हैं। राज्य प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संभावित लापता व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिलने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन के माध्यम से अधिकारियों को सूचित करें।

SCROLL FOR NEXT