सांकेतिक चित्र 
राज्य

लुधियाना में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, दुकान के बाहर लगे कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तान भेजने वाला आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना : पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। लुधियाना पुलिस ने फिरोजपुर रोड पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी करने और उनकी लाइव फीड पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां के सरफ कोट निवासी रछपाल सिंह के रूप में हुई है।

मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उप निरीक्षक अर्शदीप सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि न्यू सुंदर नगर में मेडिसिटी अस्पताल के सामने स्थित एक दुकान के बाहर ऐसे आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं, जिनका डिजिटल नियंत्रण पाकिस्तान में बैठे संदिग्ध संचालकों के पास है। यह सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रछपाल सिंह को पकड़ लिया। पुलिस अब कैमरों की तकनीकी व्यवस्था और उनके संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

महत्वपूर्ण इलाकों पर नजर रखे जाने का शक

पुलिस को संदेह है कि इन कैमरों के माध्यम से फिरोजपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों, बद्दोवाल सेना शिविर, लोगों की आवाजाही और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नजर रखी जा रही थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कैमरों की लाइव फीड वास्तव में किन लोगों तक पहुंच रही थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था। पुलिस को यह भी आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिये धमकी भरे संदेश या फोन करने के लिए जरूरी जानकारी जुटाई जा रही हो सकती है। हालांकि इन आशंकाओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

नटवर्क की जांच

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसके संपर्कों, कैमरों की तकनीकी व्यवस्था, विदेश में बैठे संदिग्ध संचालकों से बातचीत और कथित आर्थिक मदद के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT