छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब पीकर स्कूल आने वाले हेडमास्टर के खिलाफ शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इस नशेड़ी हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला गुरुवार का है। जिले में प्राइमरी स्कूल का हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया था । हेडमास्टर इस कदर नशे में धुत था कि वह खुद को संभाल भी नहीं पा रहा था और स्कूल के बाहर जहां जूते-चप्पल बाहर रखे थे, वहीं जमीन पर लेट गया।
'यहीं पटककर मारूंगा'
नशे की हालत में हेडमास्टर ने बच्चों और ग्रामीणों के साथ जमकर गाली-गलौज भी की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने जब हेडमास्टर से कहा कि वह तुम्हारी शिकायत कलेक्टर से करेंगे तो वह गाली-गलौज करने लगा और कहने लगा, 'यहीं पटककर मारूंगा।' इस दौरान हेडमास्टर ने बच्चों के साथ भी गाली-गलौज की।
क्या है मामला
मामला रामानुजनगर ब्लॉक के खोरखोरीपारा प्राइमरी स्कूल का है। हेडमास्टर हरिनंदन सिंह गुरुवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंचा और बच्चों और शिक्षकों से गाली-गलौज करने लगा । जानकारी मिलने पर ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख हेडमास्टर नशे की हालत में स्कूल परिसर में ही जमीन पर लेट गया।
बच्चों की चप्पलों पर सिर रखकर सो गया
ग्रामीणों ने नशे की हालत में हेडमास्टर हरिनंदन सिंह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। हेडमास्टर ने इतनी शराब पी थी कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था, यहां तक कि वह नशे में बच्चों की चप्पलों पर ही सिर रखकर सो गया ।
जिला शिक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई
नशे में धुत हेडमास्टर का नाम हरिनंदन सिंह है। वह रामानुजनगर ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल खोरखोरीपारा में हेडमास्टर के पद पर पोस्टेड हैं। सोशल मीडिया पर जब वीडियो वायरल हुआ और प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने फौरन रामानुजनगर बीईओ अवधेश कुमार साहू को जांच के लिए स्कूल भेजा । जांच के बाद हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया।