होशियारपुर : पंजाब में होशियारपुर जिले के एक गांव में बुधवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय एक बच्ची को नोंचकर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि मृत बच्ची की पहचान सलोनी के रूप में हुई है।
उसने बताया कि सलोनी के पिता प्यारेलाल उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं तथा फिलहाल अपने परिवार के साथ वह टांडा थानाक्षेत्र में खराल खुर्द गांव में रह रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े आठ बजे लड़की स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी तथा रास्ते में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया एवं नोंच डाला।
पुलिस के अनुसार जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उन्होंने उसे सड़क किनारे खून से लथपथ पाया। पुलिस का कहना है कि सलोनी को तत्काल टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और घटना की जांच शुरू कर दी।