चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके)के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय शुक्रवार को करूर में उस स्थान पर पहुंचे, जहां उनकी रैली के दौरान हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद यह उनका पहला करूर दौरा था। इस दौरान उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
करूर में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि यह हादसा उनकी राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा और सबसे दर्दनाक घाव है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है और वह उन परिवारों का दर्द कभी नहीं भूल सकते, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि रैली के दौरान भीड़ प्रबंधन में पुलिस पूरी तरह विफल रही। उनका कहना था कि यदि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते, तो इतनी बड़ी त्रासदी को टाला जा सकता था।
विजय ने पिछली डीएमके सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हादसे की जिम्मेदारी उनकी पार्टी पर डालने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति करने के बजाय सरकार और प्रशासन को पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर ध्यान देना चाहिए था।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार मृतकों के परिजनों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना से सबक लेते हुए भविष्य में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।