लगातार चार हार के बाद जीत की राह पर लौटते हुए, मुंबई इंडियंस के खुश कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि उन्हें हमेशा तिलक वर्मा की प्रतिभा पर भरोसा था और अब समय आ गया था कि हैदराबाद का यह खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करे, जैसा कि उसने सोमवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 99 रनों की जीत में किया। तिलक ने 45 गेंदों में नाबाद 101 रनों की शानदार पारी खेली। 22 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद, दूसरे स्ट्रेटेजिक टाइम-आउट के दौरान उन्हें अपने कप्तान से थोड़ी डांट सुननी पड़ी, और उसके बाद से ही खेल का रुख तेजी से बदल गया।
शुरुआती 22 गेंदों में तिलक ने सिर्फ 19 रन बनाए थे, लेकिन फिर 23 गेंदों में उन्होंने कहर ढा दिया और 356.52 की स्ट्राइक रेट से 82 रन कूटे, जिसके बाद पावरप्ले में 3 विकेट गंवा चुकी मुंबई का स्कोर 20 ओवर बाद 199/5 था। तिलक ने अपनी पारी के दौरान एक खास मुकाम भी हासिल किया। तिलक अब आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
पांड्या ने मैच के बाद कहा-"मुझे लगता है कि मेरा संदेश यह था, मैंने महसूस किया कि तिलक में जिस तरह की प्रतिभा है, उसे वास्तव में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. इसलिए मेरा संदेश उसे बस इतना था कि गेंद को देखो और गेंद को मारो. अब समय आ गया था कि वह मैदान पर उतरे और अपना कमाल दिखाए. यह तिलक, पूरी टीम और मुंबई इंडियंस के लिए बहुत ज़रूरी था।"