कोच्चि : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में टीमों की संख्या बढ़ाने के लिए बोर्ड को ‘कुछ विचार विमर्श सत्र’ आयोजित करने होंगे। डब्ल्यूपीएल की शुरुआत 2023 में हुई थी और तब से इसमें 5 टीम ही भाग लेती रही हैं। सैकिया ने बुधवार को यहां नीलामी के दौरान डब्ल्यूपीएल वेबसाइट को बताया, ‘अगले साल से हमें निश्चित रूप से टीमों की संख्या बढ़ाने के अलावा उन क्षेत्रों को लेकर भी विचार विमर्श सत्र आयोजित करने होंगे जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है।’उन्होंने कहा, ‘केवल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि कई अन्य क्षेत्र भी इसमें शामिल हैं। कोच, चयनकर्ता आदि से लेकर विभिन्न हितधारक इसका हिस्सा हैं।’ सैकिया ने कहा कि डब्ल्यूपीएल ने चार साल में काफी लंबा सफर तय किया है और लीग ने अब महिला क्रिकेट पर दबदबा बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘आईपीएल के बाद डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी क्रिकेट की प्रमुख लीग में से एक है। हमने चार वर्षों में काफी लंबा सफर तय किया है और अब हम महिला क्रिकेट में अपना दबदबा बना रहे हैं। डब्ल्यूपीएल ने भारत में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’