खेल

लार पर प्रतिबंध का नियम हटाया जाए : गिल

Rajesh Nain

बहुत जल्दी नरम होने वाली कूकाबुरा गेंद पर भी उठाए सवाल

वेलिंगटन :

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल करने पर लगे प्रतिबंध पर फिर से विचार करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कहा कि कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो जाती है जिससे गेंदबाजों के लिए प्रतिकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाता है। गिल ने यह टिप्पणी भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद की। पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी जिससे न्यूजीलैंड पहली पारी में 352 रन से पिछड़ने के बावजूद मैच ड्रॉ करने में सफल रहा।गिल ने मैच समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘हम कोविड काल से बहुत आगे निकल चुके हैं। एक नियम था कि गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अब 7-8 साल हो गए हैं। मुझे नहीं पता कि इसकी अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। हमने जो पहली गेंद ली थी वह मुझे लगता है कि 25-30 ओवरों के बाद बहुत नरम हो गई थी। मुझे लगता है उन्होंने (न्यूजीलैंड) भी शिकायत की थी। हमने इंग्लैंड में भी यही देखा था।’

तो आउट कैसे करें?

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि गेंदों की गुणवत्ता कम हो गई है या क्या हुआ है। लेकिन ऐसी परिस्थितियों में अगर विकेट से कोई मदद न मिले और गेंद भी नरम पड़ जाए तो गेंदबाजों के लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है। इस तरह की गेंद बल्ले का किनारा लेकर नहीं जाती जिससे विकेटकीपर और स्लिप क्षेत्र में कैच की संभावना कम हो जाती है। इस तरह की गेंद के बल्ले का किनारा लेने की संभावना बहुत कम होती है। इसलिए विकेटकीपर को कैच देकर आउट होने की संभावना कम हो जाती है। अगर पिच से मदद नहीं मिल रही है तो एलबीडब्ल्यू करना भी आसान नहीं होता है।’ गिल ने कहा, ‘जहां तक लार का सवाल है तो मुझे लगता है कि टीमों को इसका इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए।’
SCROLL FOR NEXT