नयी दिल्ली :
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की जमकर सराहना की और कहा कि ‘इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा’। गंभीर ने कहा कि टीम को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने की अगरकर की सोच ने भारत को उनके कार्यकाल में तीन ICC ट्रॉफियां दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अगरकर का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया था और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को मुख्य चयनकर्ता के पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए। इससे पहले कई हफ्तों तक इस बात को लेकर अटकलें लगती रही थीं कि अगरकर को कार्यकाल विस्तार दिया जाएगा या नहीं। गंभीर ने पोस्ट किया, ‘प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। तीन ICC ट्रॉफियां आपके भरोसे की गवाही देती हैं जिसमें हमेशा टीम को सर्वोपरि रखा गया। मुझे कहना होगा कि इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’ अगरकर के कार्यकाल में भारत ने 2024 और 2026 T-20 विश्व कप के अलावा 2025 चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती। उनके कार्यकाल में टीम में बदलाव का दौर भी आया जिसमें दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने T-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया। अगरकर को सख्त फैसले लेने वाला चयनकर्ता माना जाता था और वह इस सवाल पर भी स्पष्ट जवाब देने से बचते रहे कि कोहली और रोहित 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में शामिल हैं या नहीं।