डकार (सेनेगल) : एल अंबेकर मीतेई ने युवा ओलंपिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में गुरुवार को यहां स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अंबेकर मीतेई पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से शिकस्त देकर इस प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले देश के पहले मुक्केबाज बन गये। प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी गुंजन भी महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंची हैं, जहां वह स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी।
इससे पहले इस प्रतियोगिता में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 के युवा ओलंपिक में रहा था जब शिव थापा ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। विकास कृष्ण ने भी 2010 में सिंगापुर में आयोजित युवा ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल किया था। पटियाला स्थित राष्ट्रीय खेल संस्थान (NIS) में अभ्यास करने वाले अंबेकर ने फाइनल तक का सफर शानदार अंदाज में तय किया।
उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले ही दौर में नामीबिया के अब्राहम कालेन्गा को मुकाबले से बाहर कर दिया। इसके बाद सेमीफाइनल में कोलंबिया के इज्जोन जेफ्री गैलेया अरेवालो को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनायी। मणिपुर के अंबेकर ने फाइनल में भी गजब का संयम और आत्मविश्वास दिखाया। कड़े मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड के मुक्केबाज को 3-2 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। युवा ओलंपिक में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।