दोहा : भारतीय निशानेबाजों ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में मंगलवार को महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का टीम स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया, लेकिन व्यक्तिगत फाइनल में स्टार निशानेबाज मनु भाकर और ईशा सिंह पदक के साथ ही 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने का मौका चूक गयींं।
टीम को गोल्ड दिलाने में ईशा की अहम भूमिका रही
भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं 21 वर्षीय ईशा ने मंगलवार को यहां ISSF विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभायी।
ईशा ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही।
दिव्या मामूली अंतर से फाइनल से चूकीं
ईशा ने क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया। जर्मनी की डोरेन वेनकैम्प ने 592 अंकों के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
हंगरी की अनुभवी निशानेबाज वेरोनिका मेजर 591 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। विश्व चैंपियनशिप से पहले लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही मनु भाकर ने भी शानदार वापसी करते हुए फाइनल में जगह बनायी। वे 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। दिव्या सुब्बाराजू बेहद मामूली अंतर से फाइनल में पहुंचने से चूक गयींं और 10वें स्थान पर रहीं।
मालवीय ने ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले पहले निशानेबाज बने
इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत के लिए लॉस एंजिलिस ओलंपिक का पहला कोटा हासिल किया था। वे इस विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले पहले निशानेबाज बने।
अब तक प्रतियोगिता में भारत का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। खासकर राइफल स्पर्धाओं में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। इसके अलावा राइफल निशानेबाज शांभवी क्षीरसागर के अयोग्य घोषित किए जाने से जुड़ा विवाद भी भारतीय अभियान पर छाया रहा है।
व्यक्तिगत फाइनल में मौका चूक गयींं ईशा, मनु
व्यक्तिगत फाइनल में मनु और ईशा ओलंपिक का कोटा हासिल करने का मौका चूक गयींं। ईशा व्यक्तिगत फाइनल में आठवें और अंतिम स्थान पर रहीं, जबकि दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु मामूली अंतर से पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहीं।
दक्षिण कोरिया की यांग जिन ने 44 अंकों के विश्व रिकॉर्ड प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वियतनाम की त्रिन्ह थू विन्ह ने 43 अंकों के साथ रजत और चीन की झांग यूयू ने 34 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। तीनों पदक विजेताओं ने अपने-अपने देशों के लिए 2028 ओलंपिक का कोटा भी सुनिश्चित किया।