विवान कपूर 
खेल

विवान को ट्रैप स्पर्धा में रजत, ओलंपिक का कोटा हासिल किया

पुरुष ट्रैप स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करने से बेहद करीब से चूके

Ravi

दोहा : भारत के विवान कपूर बृहस्पतिवार को यहां ISSF विश्व चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करने से बेहद करीब से चूक गये और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। लेकिन इस पोडियम से देश का 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए एक कोटा भी पक्का कर दिया।

जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान शानदार फॉर्म में थे और ऐसा लग रहा था कि वे पुरुष ट्रैप में विश्व खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बन जायेंगे। उनसे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जगरेब में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की थी।

हालांकि शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड पर निशाना लगाने से चूक गये और कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। निर्धारित मुकाबले में दोनों निशानेबाजों ने 30 में से 29 अंक हासिल किए थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूट-ऑफ से हुआ।

इस रजत पदक के साथ विवान अत्यंत प्रतिस्पर्धी पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बन गये। उनसे पहले दिग्गज निशानेबाज कर्णी सिंह (रजत), मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

SCROLL FOR NEXT