भारत को तीन विकेट से हराया 
खेल

अंडर-19 एशिया कप : पाक ने भारत को 3 विकेट से हराया

अर्जुन के शानदार शतक पर भारी पड़ा हमजा का नाबाद सैकड़ा

Ravi

अल अमेरात (ओमान) : अर्जुन राजपूत (85 गेंद में 107 रन) के शानदार शतक पर हमजा जहूर का नाबाद सैकड़ा भारी पड़ा जिससे पाकिस्तान ने ACC अंडर-19 वनडे एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में रविवार को भारत को तीन विकेट से हराया।

पाकिस्तान ने पांच विकेट 61 रन पर गंवा दिये थे

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाये थे। जवाब में पाकिस्तान ने पांच विकेट 61 रन पर गंवा दिये थे, लेकिन हमजा जहूर ने हसनैन डार (38) के साथ छठे विकेट के लिए 107 रन की अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। हमजा ने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाये और टीम को 11 गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इस जीत के साथ पाकिस्तान दो मैचों में चार अंक लेकर ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। भारत दो अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत के बाएं हाथ के स्पिनर मनाल चौहान ने 13वें और 15वें ओवर में लगातार झटके देकर पाकिस्तान को पांच विकेट पर 61 रन के स्कोर पर मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने अब्दुल कादिर को जिस गेंद पर बोल्ड किया, वह काबिलेतारीफ थी। गेंद बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा के करीब से निकलते हुए ऑफ स्टंप पर जा लगी।

हमजा और हसनैन ने संभाला मोर्चा

ऐसे समय में हमजा जहूर और हसनैन डार (38) ने मोर्चा संभाला। दोनों ने धैर्य के साथ भारतीय गेंदबाजों का सामना किया। इस साझेदारी में हमजा सबसे प्रभावशाली रहे। उन्होंने लंबे हाथों का फायदा उठाते हुए आकर्षक शॉट लगाये। भारतीय तेज गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने आसानी से स्वीप शॉट खेले और मौका मिलने पर आगे बढ़कर भी प्रहार किया।

तेज गेंदबाज ईशान सूद की गेंद पर आगे निकलकर मिडविकेट के ऊपर लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। स्पिनरों मनाल चौहान, यशवीर गौड़ और अर्जुन राजपूत के खिलाफ भी उन्होंने थर्ड मैन की दिशा में शानदार शॉट लगाकर चौके बटोरे।

डार के 168 रन के कुल स्कोर पर आउट होने के बाद पाकिस्तान को जीत के लिए 41 रन और बनाने थे। हमजा एक छोर पर डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उन्होंने काव्य पटेल की गेंद पर कवर ड्राइव से चौका लगाकर जीत का रन बनाया। इसी शॉट के साथ उनका शतक भी पूरा हुआ।

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद भारत की शुरुआत बेहद खराब रही टीम ने 42 रन तक चार विकेट गंवा दिये। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (0), आर्यवीर सहवाग (22), वीके विनीत (आठ) और यशवर्धन चौहान (एक) जल्दी-जल्दी अपना विकेट गंवा बैठे।

ऐसे मुश्किल समय में राजपूत ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने अपनी आक्रामक पारी में 11 चौके और पांच छक्के जड़े। उनकी इस पारी की वजह से टीम 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

SCROLL FOR NEXT