खेल

श्रीसंत पर लगा तीन साल का प्रतिबंध हटाया

बिना शर्त माफी के बाद KCA ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज पर लगाया तीन साल का प्रतिबंध सर्वसम्मति से वापस लिया, दोबारा गलती पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

तिरुवनंतपुरम : केरल क्रिकेट संघ (KCA) ने बुधवार को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एस श्रीसंत पर पिछले साल लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध को हटा लिया। यह प्रतिबंध KCA के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के कारण लगाया गया था। KCA के बयान के मुताबिक उसकी आम सभा की विशेष बैठक में प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। बयान में कहा गया, ‘बैठक में सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया।

साथ ही KCA ने श्रीसंत को चेतावनी दी कि अगर वह भविष्य में ऐसी हरकतें दोहराते हैं तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।’ बयान में कहा गया है कि यह फैसला क्रिकेटर के बिना शर्त माफी मांगने और KCA के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताने के बाद किया गया। बयान के अनुसार श्रीसंत पर यह प्रतिबंध पिछले केरल क्रिकेट लीग (KCL) के मुकाबलों से पहले लगाया गया था। उन्होंने कथित तौर पर TV और सोशल मीडिया पर केसीए के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

आरोप है कि श्रीसंत ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में संजू सैमसन को शामिल नहीं किए जाने से जुड़े विवाद के सिलसिले में KCA के खिलाफ झूठे और अपमानजनक बयान दिए। TV पर हुई एक चर्चा के दौरान श्रीसंत ने कथित तौर पर सैमसन को अपना समर्थन देने और उनकी तथा केरल के अन्य खिलाड़ियों की रक्षा करने का वादा किया। उन्होंने साथ ही केसीए पर आरोप भी लगाए। उनके ये बयान तब आए जब केसीए की इस बात के लिए आलोचना हो रही थी कि उसने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए केरल की टीम से सैमसन को बाहर कर दिया।

माना जाता है कि इससे भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में उनके चुने जाने की संभावनाओं पर असर पड़ा था। KCA द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद श्रीसंत ने दावा किया था कि उन्होंने बस संजू के प्रति समर्थन जताया था। उन्होंने कहा था, ‘मैंने बस यही एक अच्छा काम किया है। मैंने संघ के खिलाफ और कुछ नहीं कहा है।’ इसके बाद उन्होंने KCA के फैसले को चुनौती देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।

बयान में कहा गया है कि इसके बाद क्रिकेटर ने औपचारिक रूप से केसीए से बिना शर्त माफी मांगी और अपनी टिप्पणियों के लिए खेद व्यक्त किया। बयान में आगे कहा गया है कि प्रतिबंध हटने के साथ श्रीसंत लीग के तीसरे सत्र में केसीएल टीम ‘एरीज कोल्लम सेलर्स’ के सह मालिक बने रह सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT