खेल

टीम को स्ट्राइक रेट बेहतर रखना हागा : कोच रिचर्ड

भारत से करारी हार के बाद अफगान कोच रिचर्ड पायबस ने माना, टी-20 में स्ट्राइक रेट सुधारना और पावरप्ले में ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी करना टीम के लिये अनिवार्य, साथ ही सीमित ओवरों के लिये बेहतर पिचों की जरूरत पर जोर

Deepak Ram

नयी दिल्ली : अफगानिस्तान के मुख्य कोच रिचर्ड पायबस ने भारत के खिलाफ दूसरे T-20 मैच में सात विकेट से हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम को स्ट्राइक रेट बेहतर रखना हागा और सीमित ओवरों के क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के लिये अफगानिस्तान में अच्छी पिचों की जरूरत है। अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ सात विकेट पर 164 रन बनाये जिसे भारतीय टीम ने 15.2 ओवर में हासिल करके सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

पायबस ने कहा, ‘हमें अच्छे विकेटों की जरूरत है। हमें टेस्ट मैच के लिये तेज तर्रार विकेट की जरूरत नहीं है। अच्छी विकेट जरूरी है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं बोर्ड को सुझाव दूंगा कि एक जैसी पिचें बनाने के लिये अंतरराष्ट्रीय क्यूरेटर की नियुक्ति करे।’ उन्होंने कहा, ‘हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिये खास तरह की विकेट रहे। हमें अभ्यास का स्तर बेहतर करने के लिये अच्छी विकेटों की जरूरत है।’

पायबस ने कहा कि अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को भी आक्रामक प्रदर्शन करना होगा, खासकर पावरप्ले में। उन्होंने कहा, ‘अगर T-20 क्रिकेट में हमें बेहतर टीम बनना है तो स्ट्राइक रेट में सुधार करना होगा। हम बहुत ज्यादा डॉट गेंद छोड़ते हैं और स्ट्राइक रेट भी अच्छा नहीं है। भारत का स्ट्राइक रेट दस से ऊपर था। उन्होंने पूरा IPL खेला है और उन्हें पता है कि इन विकेटों पर कैसे खेलना है। हमारे पास अफगानिस्तान में अच्छी विकेट नहीं है।’  

SCROLL FOR NEXT