बेंगलुरू : भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि टीम बेहतर रक्षात्मक खेल और गोल करने के कौशल को निखारने पर काम कर रही जो आगामी एशियाई खेलों में उनकी टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। भारतीय महिला टीम ने 2022 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था और वह जापान में होने वाले खेलों में इससे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है। मारिन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने जो सबसे महत्वपूर्ण बात दिखाई है, वह है एक इकाई के रूप में खेलना। हमने बहुत अच्छा रक्षात्मक खेल दिखाया है। यह खेल के ‘बेसिक्स’ (बुनियादी सिद्धांत) में से एक है।’
उन्होंने कहा, ‘अच्छी तरह से बचाव करना हमेशा महत्वपूर्ण होता है। हमारा अगला कदम अधिक मौके बनाना है और हम इस पर काम कर रहे हैं।’ मारिन ने टीम को रक्षात्मक खेल के साथ ही आक्रामक खेल खेलने पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा, ‘हमें प्रत्येक दिन ‘डिफेंस’ में सुधार करना होगा। गोल बचाने के अलावा हमें आक्रामक खेल का प्रदर्शन करके गोल करने के मौके भी बनाने होंगे। ‘डिफेंस’ एक ऐसी चीज है जिसे एक इकाई के रूप में किया जाता है। इसमें सभी को शामिल होना चाहिए।’ मारिन ने कहा, ‘इसके लिए अनुशासन की जरूरत होती है। यही वह चीज है जिस पर हमने बहुत मेहनत की है। हम उन क्षेत्रों पर काम कर रहे हैं जिनमें हमें वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’
हाल ही में बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम 5वें स्थान पर रही थी। मारिन ने कहा, ‘मैं खिलाड़ियों को लगातार कहता रहा हूं कि हमारी टीम वास्तव में बहुत अच्छी है और हम जीत हासिल कर सकते हैं। आपको खुद इसका अनुभव करना होगा। उन्होंने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों का अच्छी तरह से सामना किया है।’ कप्तान सलीमा टेटे ने मारिन की बात से सहमति जताते हुए कहा कि टीम के रवैये में बदलाव आया है। टेटे ने कहा, ‘प्रत्येक की यही सोच है कि हमें हर मैच जीतना है। यह हमारे लिए फायदेमंद है। मारिन के आने के बाद हमारी टीम की संस्कृति बदल गई है। अब हम जानते हैं कि हमें अपनी विरोधी टीम को किस तरह के हाव-भाव दिखाने हैं।
हमने यह सारी छोटी-छोटी चीज सीख ली हैं।’ गोलकीपर सविता पुनिया ने भी कहा कि टीम की रक्षापंक्ति में हाल ही में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, ‘हम आक्रमण में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम पेनल्टी कॉर्नर लेने और ‘डिफेंस’ पर काम कर रहे हैं। एक टीम के रूप में हमने विश्व कप में ‘डिफेंस’ में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। हम इसे जारी रखना चाहते हैं।’ फॉरवर्ड लालरेम्सियामी और नवनीत कौर ने भी कहा कि विश्व कप में उन्हें कुछ कमियों को पहचानने में मदद मिली और अब वे उन पर काम कर रही हैं। लालरेम्सियामी ने कहा, ‘विश्व कप के बाद हम छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हम एशियाई खेलों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।’