नयी दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में चल रहे T-20 विश्व कप में शीर्ष एशियाई टीम के तौर पर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है जबकि पुरुष टीम को सीधे क्वालीफाई करने के लिए इस साल के आखिर में विश्व रैंकिंग में महाद्वीप की शीर्ष टीम बनना होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को क्वालीफिकेशन मानदंडों की घोषणा की। क्रिकेट ओलंपिक में सौ साल बाद लौट रहा है और पुरूष तथा महिला वर्गों में छह छह टीमें भाग लेंगी।
ICC ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड), भारत और दक्षिण अफ्रीका ने चल रहे ICC महिला T-20 विश्व कप 2026 में क्रमश: ओशियाना, यूरोप, एशिया और अफ्रीका से शीर्ष रैंकिंग वाली टीम के तौर पर छह टीम वाली महिला स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया है।’ ICC ने कहा, ‘मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन भारत का भले ही टी20 विश्वड कप का सफर उम्मीद से जल्दी खत्म हो गया लेकिन उसने एशिया का कोटा हासिल किया।’ भारतीय टीम रविवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी।
ICC ने कहा, ‘यह टीम किसी एक आईओसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) के बजाय कई कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करती है इसलिए यह सीधे ओलंपिक खेलों में हिस्सा नहीं ले सकती।’ वहीं पुरुषों के लिए अलग-अलग महाद्वीपों से चार कोटा स्थान रैंकिंग से तय होंगे। ICC ने कहा, ‘ICC पुरुष T-20 टीम रैंकिंग में महाद्वीपों के आधार पर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को ये चार कोटा स्थान आवंटित किये जायेंगे।’ कट आफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है।
मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में एक कोटा मिलेगा क्योंकि क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान उसने रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर स्थान पर रहने के आईसीसी के मानदंडों को पूरा किया है। ‘फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट’ महिला और पुरूष वर्ग में अलग से आयोजित किया जायेगा जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी। रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर सकी लेकिन पात्रता रखने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें महिला और पुरुष वर्ग में एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी।
अगर वेस्टइंडीज उन आठ टीमों में शामिल होती है जिन्होंने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है, तो ICC एक 'वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट' आयोजित करेगा। इससे यह तय होगा कि फाइनल क्वालीफायर में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कौन सी एनओसी करेगी। फाइनल क्वालीफायर में महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी। ICC अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि क्वालीफिकेशन प्रक्रिया की घोषणा एक अहम पड़ाव है क्योंकि यह खेल एक सदी बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है और यह क्रिकेट खेलने वाले देशों के लिए दुनिया के सामने खेल को दिखाने का एक शानदार मौका होगा।
शाह ने कहा, ‘ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल के लिए एक ऐतिहासिक पल है और दुनिया के सामने क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का एक जबरदस्त मौका है। इस क्वालीफिकेशन प्रक्रिया की पुष्टि लॉस एंजिलिस 2028 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे दुनिया भर के सदस्यों को ओलंपिक मंच तक पहुंचने का एक साफ और रोमांचक रास्ता मिलता है।’ उन्होंने कहा, ‘ओलंपिक खेल बहु स्पर्धा खेलों का शिखर हैं और लॉस एंजिलिस 2028 में क्रिकेट को शामिल करने से हर क्षेत्र के खिलाड़ियों और प्रशंसकों को प्रेरणा मिलेगी। यह एक ऐतिहासिक पल है और हमारे सदस्यों के लिए एक बड़ा मौका है क्योंकि हम खेल को आगे बढ़ा रहे हैं और इसे दुनिया भर में नए दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।’