फाइल फोटो 
खेल

तेज गेंदबाजी आक्रमण ने इस टीम को खतरनाक बना दिया

चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों पर हावी रहकर अपनी टीम को जीत दिलाई

बेंगलुरू : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के वर्तमान सत्र में अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन मैच जीतकर इतिहास रच दिया है और इसमें उसके तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम रही। चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों पर हावी रहकर अपनी टीम को जीत दिलाई। RCB ने IPL 2025 में अपने घरेलू मैदान पर तीन मैच हारे थे जो उसके पहले खिताब के शानदार सफर में उसके लिए एकमात्र निराशाजनक पहलू रहा। इस सत्र की शुरुआत से पहले RCB का चिन्नास्वामी स्टेडियम में 96 मैचों में 46 हार और 45 जीत का रिकॉर्ड था, जबकि मुंबई इंडियंस या CSK के घरेलू मैदान आमतौर पर उनके गढ़ होते हैं।

बदलाव का पहला संकेत 28 मार्च को मिला जब जैकब डफी ने तीन विकेट लेकर सनराइजर्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। जोश हेजलवुड की शुरुआती मैचों में अनुपस्थिति में उन्होंने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई। हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद डफी ने कहा था, ‘मैं तो बस उस दिग्गज खिलाड़ी की जगह संभाल रहा हूं। जोश ने पिछले साल यहां बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए बात बस इतनी थी कि उसने जो अच्छा किया था, उसे मैं आगे बढ़ाते हुए अपने तरीके से वैसा ही प्रदर्शन करने की कोशिश करूं।’ हेजलवुड ने वापसी करने के बाद अपना जलवा दिखाया और लखनऊ की टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया।

इसके लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वह जानते हैं कि उन्हें किस तरह की गेंदबाजी करनी है। उन्होंने कहा, ‘मेरे पास बुमराह या अन्य गेंदबाजों की तरह धीमी गेंद करने का कौशल नहीं है। मैं अभ्यास के दौरान लगातार कुछ अलग-अलग चीजों पर काम करता रहता हूं और उम्मीद है कि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल कर पाऊंगा।’ RCB के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने मैच के बाद संवाददाताओं से हेजलवुड के बारे में कहा, ‘मुझे लगता है कि वह पहले से ज्यादा चुस्त-दुरुस्त दिख रहे हैं। चोट के बाद उन्हें काफी आराम मिला है।

इसलिए वह पहले से ज्यादा तेज और फिट हो गए हैं और अब उन्हें अपने शरीर पर पूरा भरोसा है। यह उनकी गेंदबाजी में दिख रहा है।’ RCB के पास भुवनेश्वर कुमार के रूप में एक नया अन्य उपयोगी तेज गेंदबाज है जिन्होंने हेजलवुड का साथ देते हुए तीन विकेट लिए। वह अपनी धीमी बाउंसर, यॉर्कर और कम गति वाली गेंद करके बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। यही नहीं RCB को रसिक सलाम के रूप में एक उपयोगी तेज गेंदबाज मिला है जिन्होंने पिछले मैच में चार विकेट लिए। अपने इस तेज गेंदबाजी आक्रमण के कारण RCB किसी भी मैदान पर जीत हासिल करने में सक्षम है और इसलिए वह टूर्नामेंट की खतरनाक टीम बन गई है।  

SCROLL FOR NEXT