खेल

Thailand Open : सिंधु, लक्ष्य और श्रीकांत जीते

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग सियू तोंग को 21-9, 21-12 से हराया जबकि सातवें वरीय और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दो बार के फाइनलिस्ट लक्ष्य ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन को 21-16, 21-17 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया

बैंकॉक : स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और किदाम्बी श्रीकांत थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में बुधवार को सीधे गेम में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में पहुंच गए जबकि इस पांच लाख डॉलर इनामी टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के लिए दिन मिश्रित सफलता वाला रहा।दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग सियू तोंग को 21-9, 21-12 से हराया जबकि सातवें वरीय और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दो बार के फाइनलिस्ट लक्ष्य ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन को 21-16, 21-17 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू को 21-14, 21-15 से हराकर उलटफेर किया। श्रीकांत का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपै के सू लि यांग से होगा जबकि सिंधु डेनमार्क की अमेली शूल्ज से खेलेंगी। विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता थॉमस कप के दौरान लगी चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। वह चीनी ताइपे के वांग पो वेई और चीन के झू शुआन चेन के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे।

इस साल थाईलैंड मास्टर के रूप में अपना पहला सुपर 300 खिताब जीतने वाली देविका सिहाग ने कड़े मुकाबले में दुनिया की 26वें नंबर की खिलाड़ी जापान की नात्सुकी निदाइरा को एक घंटे 11 मिनट में 21-19, 13-21, 21-15 से शिकस्त दी। एक अन्य मैच में मालविका बंसोड़ ने कनाडा की वेन यू झेंग को 13-21, 26-24, 21-13 से हराया लेकिन तन्वी शर्मा को जापान की हीना अकेची के खिलाफ 17-21, 8-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

एशिया चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचे आयुष शेट्टी को जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाइ नराओका के खिलाफ 13-21, 21-17, 4-21 से पराजय झेलनी पड़ी जबकि तरुण मन्नेपल्ली जापान के ही कोकी वातानाबे से 12-21, 16-21 से हार गए। महिला एकल में उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब को क्रमश: थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग और चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फेइ ने हराया।

उन्नति को 21-11, 17-21, 16-21 से पराजय मिली जबकि खरब को तोक्यो ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ 21-19, 13-21, 18-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। ईशारानी बरुआ को भी दुनिया की 61वें नंबर की खिलाड़ी थलिता रामधानी विरयावन के खिलाफ कड़े मुकाबले में 21-15, 19-21, 15-21 से हार मिली।

असित सूर्या और अमृता प्रमुथेश को मिश्रित युगल में साइ फु चेंग और सुंग यु सुआन की जोड़ी के खिलाफ 22-24, 11-21 से हार झेलनी पड़ी जबकि ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी मथियास क्रिस्टियनसन और एलेक्सांद्रा बोये के खिलाफ 32 मिनट में 9-21, 15-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। रोहन कपूर और रुतविका शिवानी गाडे भी पहले दौर की बाधा को पार करने में नाकाम रहे और सुपाक जोमकोह तथा ओर्निचा जोंगसाथापोर्नपार्न की थाईलैंड की दुनिया की 66वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 15-21, 10-21 से हार गए।

SCROLL FOR NEXT