खेल

दक्षिण अफ्रीका से हारी टीम इंडिया

दक्षिण अफ्रीका ने भारत की दिशाहीन गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए लक्ष्य पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने 14 वाइड गेंदें फेंकी। वोल्वार्ट ने 39 गेंद में 51 रन बनाये।

डरबन : कप्तान लौरा वोल्वार्ट के अर्द्धशतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पहले महिला T-20 क्रिकेट मैच में भारत को छह विकेट से हरा दिया। दो महीने बाद होने वाले T-20 विश्व कप की ‘ड्रेस रिहर्सल’ मानी जा रही सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए शुक्रवार को सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका ने भारत की दिशाहीन गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए लक्ष्य पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने 14 वाइड गेंदें फेंकी। वोल्वार्ट ने 39 गेंद में 51 रन बनाये। एनेरी डर्कसेन ने 34 गेंद में नाबाद 44 रन बनाये। पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मैच रविवार को खेला जायेगा।

पिछली चार सीरीजें जीत चुकी भारतीय टीम के लिये स्पिनर श्रेयांका पाटिल और श्रीचरणी ने प्रभावित किया लेकिन तेज गेंदबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। अरूंधति रेड्डी की दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की। आखिरी पांच ओवर में भारत के पुछल्ले बल्लेबाज भी कोई कमाल नहीं कर सके। श्रेयांका ने सुने लूस को जल्दी आउट कर दिया लेकिन वोल्वार्ट ने टीम पर दबाव नहीं बनने दिया और चौथे ओवर में दीप्ति शर्मा को तीन चौके लगाये। श्रेयांका ने वोल्वार्ट को आउट किया लेकिन तब तक जीत लगभग तय हो चुकी थी। क्लो ट्रायोन ने दीप्ति को छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शेफाली वर्मा (20 गेंदों में 34 रन) ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी में पांच चौके और स्पिनर सुने लुस पर एक शानदार छक्का लगाया। स्मृति मंधाना (14 गेंद में 13 रन) ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और कवर क्षेत्र में कैच आउट हो गईं, जिससे पावरप्ले में ही भारत को दो झटके लगे। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (33 गेंद में नाबाद 47) और जेमिमा रोड्रिग्स (29 गेंद में 36) ने तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। लेकिन पावरप्ले के बाद भारत की रन गति धीमी पड़ गई और टीम 10 ओवर में दो विकेट पर 75 रन तक ही पहुंच सकी। हरमनप्रीत ने बीच के ओवरों में नडाइन डी क्लर्क के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर आक्रामकता दिखाई, जबकि जेमिमा ने ट्रायोन के खिलाफ शानदार छक्का जड़ा। भारतीय पारी हालांकि अंतिम ओवरों में गति नहीं पकड़ सकी और आखिरी पांच ओवरों में केवल 33 रन बने, जबकि इस दौरान तीन विकेट भी गिर गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका (16 रन पर तीन विकेट) और तुमी सेखुखुने (27 रन पर दो विकेट) ने प्रभावशाली गेंदबाजी की, जबकि नॉनकुलुलेको म्लाबा (30 रन पर एक विकेट) ने स्पिन आक्रमण की अगुवाई की। भारत ने इस मैच में काशवी गौतम को T-20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण का मौका दिया। उन्होंने आठ गेंदों पर 10 रन का योगदान दिया।

SCROLL FOR NEXT