खेल

तारिक सिर्फ एक साधारण ऑफ-स्पिनर हैं : गांगुली

भारत और पाकिस्तान रविवार को कोलंबो में ग्रुप ए के मैच में आमने-सामने होंगे और 28 साल के तारिक मैच से पहले की चर्चा का विषय बने हुए हैं

कोलकाता : पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने शनिवार को पाकिस्तान के उस्मान तारिक को एक साधारण ऑफ-स्पिनर बताया जो अपनी ‘डिलीवरी स्ट्राइड’ में थोड़ा ब्रेक लेने के बाद ही गेंद छोड़ते हैं और उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय बल्लेबाज T-20 विश्व कप मैच में उन्हें अच्छी तरह से खेल लेंगे। भारत और पाकिस्तान रविवार को कोलंबो में ग्रुप ए के मैच में आमने-सामने होंगे और 28 साल के तारिक मैच से पहले की चर्चा का विषय बने हुए हैं। भारतीय बल्लेबाज दाएं हाथ के स्पिनर का सामना करेंगे जिन्होंने अब तक सिर्फ चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 11 विकेट लिए हैं।

बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गांगुली ने यहां टी20 विश्व कप मैगजीन लांच के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘T-20 में अंदाजा लगाना मुश्किल है, लेकिन भारत एक अच्छी टीम है और उन्हें हराना आसान नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘कुछ भी मुश्किल नहीं है, वह (तारिक) एक ऑफ-स्पिनर है और वह बस रुक-रुक कर गेंदबाजी करता है। भारत उसे अच्छे से खेलेगा।’ हालांकि गांगुली को उम्मीद है कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत बिना किसी बदलाव के अंतिम एकादश उतारेगा।

उन्होंने कहा, ‘अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह मुख्य गेंदबाज होने चाहिए। मुझे नहीं लगता कि रिंकू सिंह की जगह कुलदीप (यादव) को मिलनी चाहिए क्योंकि आपको बल्लेबाजी विभाग में भी संतुलन का ध्यान रखना होता है। मुझे लगता है कि वही टीम खेलनी चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘भारत अच्छा खेलेगा।’

सलामी अभिषेक शर्मा के बारे में पूछे जाने पर गांगुली ने कहा कि टीम पर फोकस रखना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘एक इंसान मायने नहीं रखता।’ बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मौजूदा पाकिस्तानी टीम पहले जैसी नहीं है। गांगुली ने कहा, ‘इंजमाम उल हक, सईद अनवर, मोहम्मद यूसुफ, वसीम अकरम, वकार यूनिस जैसे बल्लेबजों का कौशल देखें तो वह एक अलग टीम थी। यह टीम अब वैसी नहीं रही।’

SCROLL FOR NEXT