चीन : एशियाई चैंपियन ज्योति याराजी ताइवान एथलेटिक्स ओपन में शनिवार को महिलाओं की सौ मीटर बाधा दौड़ में अव्वल रही और भारत के छह एथलीटों को स्वर्ण पदक मिला। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी याराजी ने 12.99 सेकेंड का समय निकाला। जापान की असुका तेराडा (13.04 सेकेंड) और चिसातो कियोयामा (13.10 सेकेंड) को क्रमश: रजत और कांस्य पदक मिला। याराजी ने 29 मई को दक्षिण कोरिया में एशियाई चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था जिसमें उन्होंने 12.96 सेकेंड का समय निकाला था।
राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस सिरसे ने पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में 13.52 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। ताइवान के सियेह युआन केइ (13.72 सेकेंड) को रजत और कुइ रू चेन (13.75) को कांस्य पदक मिला। भारत की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम (गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, मणिकांता होबलीधर और अमलान बोरगोहेन) ने 38.75 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। वे अपने ही 38.69 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से सेकेंड के 600वें हिस्से से चूक गए। वे हालांकि टोक्यो विश्व चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग मार्क से भी चूक गए।
सितंबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिये 14 देश क्वालीफाई कर चुके हैं और अब दो ही स्थान उपलब्ध हैं। नाइजीरिया और नीदरलैंड 38.20 सेकेंड के साथ दौड़ में आगे हैं। महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम (सुधीक्षा वदलुरी, स्नेहा सत्यनारायण, अबिनाया राजाराजन और नित्या गंधे) ने भी 44.06 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। अब्दुला अबूबाकर और पूजा ने क्रमश: पुरुषों की त्रिकूद और महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। अबूबाकर ने 16.21 मीटर की कूद लगाई हालांकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17.19 मीटर है। पूजा ने चार मिनट 11.63 सेकेंड का समय निकाला।