खेल

सूर्यवंशी को टीम के साथ अधिक समय बिताने की जरूरत : मोर्कल

युवा खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम का माहौल सीखने का बेहतरीन मौका

Deepak Ram

लखनऊ : भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने सोमवार को कहा कि वैभव सूर्यवंशी भले ही मैच में खेल नहीं रहे हों लेकिन उन्हें टीम के साथ अधिक समय बिताने की जरूरत है जो खेल के लिए अच्छा होगा। युवा सूर्यवंशी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने सभी मैच खेले, लेकिन प्रभावित करने में नाकाम रहे। पूरी संभावना है कि भारत मंगलवार को यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारेगा। मोर्कल ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘हम सभी वैभव की प्रतिभा को जानते हैं। वह इस माहौल में जितना अधिक समय खिलाड़ियों के साथ बिताएगा, जितना अधिक समय वह इस स्तर पर अभ्यास करेगा, वह उसके क्रिकेट के लिए केवल बेहतरीन होगा।’ उन्होंने कहा, ‘अगर उसे वह मैच समय नहीं मिल रहा है, तब भी वह बस में, डगआउट में, होटल में काफी अनुभव वाले खिलाड़ियों के साथ है।

उसके लिए इस तरह के ड्रेसिंग रूम को साझा करना और खिलाड़ियों से बात करना, या बस वास्तव में यह देखना कि खिलाड़ी अपनी प्रक्रियाओं से कैसे गुजरते हैं और पारियां कैसे तैयार करते हैं, महत्वपूर्ण होगा।’ मोर्कल ने कहा, ‘अगर आप खिलाड़ियों को सही माहौल में रखते हैं और वे सही सवाल पूछ सकते हैं और वे निरीक्षण कर सकते हैं। इसलिए मैं हमेशा उन्हें चुनौती देता हूं और किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए, अगर उसे मैच खेलने का समय मिलता है या उसे मैच में सीमित समय मिलता है, तब भी यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम सुनिश्चित करें कि ये खिलाड़ी सीखें, आगे बढ़ें और सवाल पूछें।’ हालांकि मोर्कल ने मंगलवार के मैच के संभावित अंतिम एकादश का संकेत देने से परहेज किया। उन्होंने कहा, ‘मेरा मतलब है कि एशियाई खेलों में उनके लिए यही संयोजन (शीर्ष पर अभिषेक और सूर्यवंशी) था।

हम आज रात तय करेंगे कि इस सीरीज में आगे बढ़ने के लिए हमारे लिए सबसे अच्छा संयोजन क्या है। क्या वे अनुकूलन करेंगे, क्या वे कोई बदलाव करेंगे, मैं ईमानदारी से अभी इसका जवाब नहीं दे सकता।’ मोर्कल ने कहा, ‘समस्या यह हो सकती है कि हमारे खिलाड़ी एशियाई खेलों के बाद वापस यात्रा कर रहे हैं। कुछ खिलाड़ी केवल दो दिन पहले ही पहुंचे हैं इसलिए यात्रा से उबरना अहम होगा। एक बार जब हम पूरी तरह तैयार हो जाएंगे और सीरीज शुरू हो जाएगी, हम सभी इसके लिए उत्सुक हैं।’ मोर्कल ने कहा कि भारत का मुख्य लक्ष्य मैच जीतना और एक मजबूत ‘बेंच स्ट्रेंथ’ तैयार करना है जिस पर जरूरत पड़ने पर भरोसा किया जा सके। उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों के इस समूह ने पिछले कुछ वर्षों में कुछ असाधारण क्रिकेट खेला है।

जिन खिलाड़ियों को मौके मिले, वे आए और उन्होंने शानदार काम किया। अगर हम इस पूल को बढ़ाते रहें तो भारतीय क्रिकेट के लिए यह बहुत अच्छा होगा, खिलाड़ियों को भारतीय जर्सी में खेलने का अनुभव देते रहें।’ मोर्केल ने कुलदीप यादव की भी प्रशंसा की और कहा कि स्पिनर अपनी फॉर्म में वापस आ गया है। उन्होंने कहा, ‘कुलदीप ने वनडे सीरीज के बाद इसके बारे में बात की थी कि उन्हें लगता है कि वह फिर से अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। और यह हमारे लिए अच्छी खबर है। एक गेंदबाज के रूप में कभी-कभी हम अपनी लय के साथ संघर्ष कर सकते हैं, उसे पाने में कभी-कभी थोड़ा अधिक समय लगता है, लेकिन हमारे लिए वह एक बड़े मैच-विजेता हैं, वह आत्मविश्वासी हैं, वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।’

दक्षिण अफ्रीक के पूर्व तेज गेंदबाज इस सीरीज में मयंक यादव और प्रिंस यादव की तेज गेंदबाजी जोड़ी को देखने के लिए भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ‘उन खिलाड़ियों के लिए अच्छा मौका है जो कुछ समय से टीम से बाहर थे और वापस आ रहे हैं। मयंक यादव चोट से वापस आए हैं इसलिए जब उन्हें मौका मिलेगा तो मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वह कैसा प्रदर्शन करते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह एक तरह से बड़ी तस्वीर को देखने के बारे में है, लेकिन साथ ही आप भारत के लिए मैच जीतना चाहते हैं। आप उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं जिन्होंने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है ताकि वे इसे जारी रख सकें और हम सीरीज के लिए उत्सुक हैं।’

SCROLL FOR NEXT