खेल

श्रीलंका A ने पहले दिन पांच विकेट पर 288 रन बनाये

कप्तान सहन अराचिगे की नाबाद 83 रन की पारी और मध्यक्रम की ठोस साझेदारियों से श्रीलंका A ने गॉल की धीमी पिच पर भारत A के खिलाफ मजबूत स्कोर खड़ा किया

गॉल : भारत A के तेज गेंदबाज यश ठाकुर और ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने गुरुवार को यहां दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन दो-दो विकेट झटके लेकिन श्रीलंका A ने कप्तान सहन अराचिगे की नाबाद 83 रन की पारी की बदौलत 85 ओवर में पांच विकेट पर 288 रन बना लिए। अराचिगे की 148 गेंद की पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने विकेटकीपर अंजला बंडारा (42 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। जैन ने अंजलाबंडारा को बोल्ड किया। ठाकुर (14 ओवर में 32 रन देकर दो विकेट) और जैन (24 ओवर में 77 रन देकर दो विकेट) के अलावा लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (15 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट) को भी एक विकेट मिला।

वहीं छह साल के अंतराल के बाद अपना पहला लाल गेंद का मैच खेल रहे जीशान अंसारी ने बिना कोई विकेट लिए 16 ओवर में 64 रन दिए। गॉल की धीमी पिच पर विकेट लेना आसान नहीं था। श्रीलंका ए के सलामी बल्लेबाज पवनथा वीरासिंघे (39) और सोहन डि लिवेरा (28) ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। ठाकुर ने ही बाएं हाथ के बल्लेबाज डी लिवेरा को स्लिप में देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया। दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज वीरासिंघे ने सुबह के सत्र में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन लंच से कुछ मिनट पहले बराड़ ने उन्हें आउट कर दिया। उन्होंने वीरासिंघे को विकेट के पीछे भारत ए के कप्तान और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया।

नुवानिदु फर्नांडो (44) और अशेन बंडारा (34) भी अच्छी लय में दिखे और तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। लेकिन फिर जैन ने फर्नांडो को पडिक्कल के हाथों कैच करा दिया। ठाकुर की गेंद पर जुरेल ने अशेन बंडारा का कैच पकड़ा। आकिब नबी (15 ओवर में 50 रन देकर कोई विकेट नहीं) लगातार दूसरे मैच में नयी गेंद के साथ असरदार नहीं दिखे और श्रीलंका ए के सलामी बल्लेबाजों ने आसानी से उनका सामना किया। बराड़ ने तेज और अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उन्हें सिर्फ एक ही विकेट मिला। सबसे बड़ी निराशा अंसारी रहे जिन्हें राष्ट्रीय चयन समिति ने नेट गेदबाजी के आधार पर चुनाव किया था। अंसारी की तैयारी की कमी साफ दिख रही थी। बल्लेबाजों को उनकी लेग-ब्रेक गेंदों पर कोई खास परेशानी नहीं हुई। कुछ मौकों पर उनकी जमकर धुनाई भी हुई।  

SCROLL FOR NEXT