बोलोग्ना (इटली) :
स्पेन को कार्लोस अल्काराज़ की जरूरत नहीं पड़ी और उसने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना ब्रिटेन से होगा। डेनियल मेरिडा ने डेविस कप में पहली बार खेल रहे जोएल श्वार्ज़लर को 6-4, 6-4 से हराकर 6 बार के चैंपियन स्पेन को बढ़त दिलाई। इसके बाद राफेल जोडर ने जुरिज रोडियोनोव को 2-6, 6-0, 6-1 से पराजित किया। अल्काराज़ को एकल मैचों के लिए नहीं चुना गया था, लेकिन युगल मुकाबले के लिए मार्सेल ग्रैनोलर्स के साथ उनका नाम शामिल था। स्पेन के अजेय बढ़त बनाने के बाद यह मैच रद्द कर दिया गया था।
2019 में जीता था स्पेन
स्पेन ने आखिरी बार 2019 में खिताब जीता था और वह पिछले साल उपविजेता रहा था। इससे पहले दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज़्वेरेव की अगुवाई वाली जर्मनी की टीम क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन से 2-1 से हार गई। कैमरन नॉरी ने जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 6-3, 3-6, 6-2 से हराकर ब्रिटेन को शुरुआती बढ़त दिलाई। इस साल फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन के विजेता ज़्वेरेव ने आर्थर फेरी को 6-3, 6-2 से पराजित करके मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया। उन्हें निर्णायक युगल मैच के लिए नहीं चुना गया। जर्मनी ने इसके बजाय केविन क्राविएट्ज़ और टिम पुएट्ज़ को चुना जो हेनरी पैटन और नील स्कुपस्की से 6-2, 7-6 (6) से हार गए।
ब्रिटेन 7 साल में पहली बार सेमीफाइनल में
ब्रिटेन 7 साल में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। उसने अपना 10वां और आखिरी डेविस कप खिताब 2015 में जीता था। जर्मनी ने अपना आखिरी खिताब 1993 में जीता था। दूसरा सेमीफाइनल तीन बार के मौजूदा चैंपियन इटली और चेकिया के बीच होगा, जिसे पहले चेक गणराज्य के नाम से जाना जाता था। इटली ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-1 से और चेकिया ने कनाडा को 2-0 से हराया था।