कराची : ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। चोटिल मिचेल मार्श के कवर के तौर पर ऑस्ट्रेलिया की विश्व T-20 कप टीम में शामिल किए गए स्मिथ को नई फ्रेंचाइजी सियालकोट स्टैलियंस ने लगभग 500,000 अमेरिकी डॉलर (14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) में खरीदा है। PSL में टीमों की संख्या छह से बढ़कर आठ कर दी गई है। PCB ने पहली बार खिलाड़ियों की नीलामी प्रणाली शुरू की है, जिसने पिछले एक दशक से चले आ रहे ड्राफ्ट प्रारूप का स्थान लिया है।
खिलाड़ियों की नीलामी बुधवार को लाहौर में की गई। जिन खिलाड़ियों की नीलामी हुई उनमें डेविड वार्नर, एडम जम्पा, डैरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मुस्तफिजुर रहमान, डेवोन कॉनवे, रिले रॉसौ, तबरेज शम्शी, दासुन शनाका, कुसल मेंडिस और मार्नस लाबुशेन जैसे विदेशी खिलाड़ी भी शामिल थे। आठ फ्रेंचाइजी ने कुल 103 खिलाड़ियों से अनुबंध किया। तेज गेंदबाज नसीम शाह सबसे महंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी बने, जिन्हें इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 8.65 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में खरीदा।
ऑलराउंडर फहीम अशरफ को इसी फ्रेंचाइजी में 8.5 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में खरीदा। बाबर आजम को पेशावर जाल्मी ने सात करोड़ पाकिस्तानी रुपये में रिटेन किया। इसी फ्रेंचाइजी ने सैम अयूब को 12.2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में रिटेन किया। PSL का आयोजन 26 मार्च से तीन मई तक होना है। इसी दौरान भारत में अधिक आकर्षक और प्रतिष्ठित इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा।