नयी दिल्ली : भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को सोमवार को ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट’ (उत्कृष्ट खिलाड़ी यानी SOM) के रूप में चार महिला प्रतिनिधियों में चुने जाने में नाकाम रहने से बड़ा झटका लगा।
पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल छह उम्मीदवारों के बीच हुए विवादित चुनाव में बाजी मारने में सफल रहीं। उनके अलावा लंबी कूद की महान खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल भी SOM चुनी गयीं। SOM के कुल 80 सदस्य (40 पुरुष और 40 महिलाएं) चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
इन्हीं में से चार महिला प्रतिनिधियों का चयन किया जाना था। इससे पहले शनिवार को ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, विजेंदर सिंह और योगेश्वर दत्त के साथ पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता चार पुरुष SOM के रूप में निर्विरोध चुने गये थे। उनके मुकाबले में खड़े आठ अन्य उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया था।
पीटी उषा अब पांच दिसंबर को होने वाले IOA की कार्यकारी परिषद के चुनाव में तभी उम्मीदवार बन सकती हैं जब कोई राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) उन्हें आम सभा के लिए नामित करे। इसकी संभावना हालांकि कम बतायी जा रही है।
एथलेटिक्स की इस दिग्गज खिलाड़ी को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) के दो प्रतिनिधियों में जगह मिलने की भी उम्मीद बेहद कम है। IOA के संविधान के मुताबिक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का SOM या महासभा का सदस्य होना अनिवार्य है। वर्ष 2022 में पीटी उषा SOM के रास्ते निर्विरोध निर्वाचित होकर IOA की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं।