नयी दिल्ली : वनडे विश्व कप में अभी एक साल का समय है लेकिन भारत के 20 संभावित खिलाड़ियों का अनुमान लगाया जा चुका है और पांचों राष्ट्रीय चयनकर्ता 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL में इन खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति में एस एस दास, आर पी सिंह, अजय रात्रा और प्रज्ञान ओझा हैं। विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 2027 अक्टूबर नवंबर में होगा। चयन समिति के सदस्य अपने-अपने बेस में मैचों के दौरान मौजूद रहेंगे जबकि बाकी मैच TV पर देखेंगे।
IPL के पहले मैच में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। सीनियर अधिकारियों ने इन अटकलों को भी खारिज किया कि T-20 विश्व कप जीतने के बाद अगरकर ने अपना कार्यकाल 50 ओवरों के विश्व कप तक बढाने की मांग की है। BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘चयन समिति BCCI की एक उप समिति है और चयनकर्ताओं का अनुबंध इस साल सितंबर तक है। अजित का करार सितंबर में खत्म हो रहा है जिसके बाद BCCI सचिव और अजित तय करेंगे कि वह अगले साल वनडे विश्व कप तक रहेंगे या नहीं।
एक सीनियर चयनकर्ता चार साल तक पद पर रह सकता है और उसे करार बढाने का अनुरोध करने की जरूरत नहीं है।’ अगरकर जुलाई 2023 में चयन समिति के अध्यक्ष बने थे और उन्होंने विराट कोहली तथा रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद टेस्ट और T-20 में बदलाव का दौर देखा है। अगरकर मुंबई में रहते हैं जबकि दास कोलकाता के रहने वाले हैं। आर पी और रात्रा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहते हैं जबकि ओझा अपने हिस्से के IPL मैच बेंगलुरू और हैदराबाद में देखेंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘BCCI चाहता है कि हर चयनकर्ता कम से कम हर सप्ताह एक मैच देखे जिससे पांच मैच प्रति सप्ताह हो जायेंगे। इसके अलावा TV पर मैच देख सकते हैं।’ T-20 विश्व कप 2028 और उसी साल ओलंपिक को देखते हुए इस साल IPL में उन 20 खिलाड़ियों को तलाशने पर नजर होगी जो 50 ओवरों का विश्व कप खेलेंगे। चयन समिति मुल्लांपुर में छह से 10 जून तक अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिये भी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारेगी हालांकि इस मैच से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक नहीं मिलने हैं।