फाइल फोटो 
खेल

सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं सविता

हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर उनके लिये दस लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है

Deepak Ram

काकामिगाहारा : भारतीय हॉकी की दीवार कही जाने वाली गोलकीपर सविता पूनिया सोमवार को भारत के लिये सबसे ज्यादा 321 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई जिन्होंने वंदना कटारिया का रिकॉर्ड तोड़ा। सविता ने यह उपलब्धि एशियाई खेलों में पूल बी में इंडोनेशिया के खिलाफ दूसरे मैच में हासिल की जिसमें भारत 17.1 से विजयी रहा। हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर उनके लिये दस लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

पूर्व कप्तान और तीन बार एफआईएच की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर (2020, 2021, 2023) चुनी जा चुकी सविता ने 2009 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था और अब तक तीन ओलंपिक, तीन विश्व कप और दो एशियाई खेलों में भाग ले चुकी हैं। उन्होंने एफआईएच प्रो लीग में नीदरलैंड के खिलाफ फरवरी 2025 में हुए मैच के दौरान 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किये थे।

वह वंदना के अलावा 300 से अधिक मैच खेलने वाली अकेली भारतीय महिला खिलाड़ी और पी आर श्रीजेश के बाद एकमात्र गोलकीपर हैं। इस साल पद्मश्री सम्मान पाने वाली सविता ने कहा, ‘मैं अपने परिवार, कोचों, साथी खिलाड़ियों और इस सफर में मेरे साथ रहे हर व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहती हूं।

मैने कभी सोचा नहीं था कि यहां तक पहुंचूंगी।’ उन्होंने कहा, ‘जब मैने खेलना शुरू किया तो बस टीम में जगह बनाकर अपने परिवार को गौरवान्वित करना चाहती थी। कभी नहीं सोचा था कि एक दिन भारत के लिये सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बनूंगी। उम्मीद है कि युवा लड़कियों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिये प्रेरित कर सकूंगी।’  

SCROLL FOR NEXT