हैदराबाद : भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को वेस्टइंडीज के हाथों चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 24 रन से मिली हार के बाद गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि उभरते हुए तेज गेंदबाज अनुभव हासिल करने के साथ बेहतर होते जाएंगे। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद 3 विकेट पर 247 रन बनाए जिसके जवाब में भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर आउट हो गई। वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए और कीमो पॉल ने 5 विकेट लिए जिससे वह 5 मैचों की शृंखला को 2-2 से बराबर करने में सफल रहा।
सैमसन ने स्वीकार किया कि भारत के पास जसप्रीत बुमराह का कोई विकल्प नहीं है जिन्हें विश्राम दिया गया है। उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘उनके जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं और हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा गेंदबाज है। लेकिन हमारे पास कुछ अच्छे युवा तेज गेंदबाज हैं। अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहा है और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही है। हमारे पास वास्तव में कुछ प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और हम उन्हें जितना अधिक खेलने का मौका देंगे उतना ही वह बेहतर होते जाएंगे।’भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे। मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने 4 ओवरों में 52-52 रन लुटाए। भारतीय पारी के आखिरी ओवर में शमर जोसेफ की शॉर्ट पिच गेंद अर्शदीप की बाई बांह पर लगी जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। सैमसन ने होप की पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान ने संयम के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, ‘वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है। जिस तरह से वह खेल रहा है उसका पूरा श्रेय उसे जाता है। हम निश्चित तौर पर उस पर अंकुश लगाने के तरीके ढूंढ रहे हैं।’