लिस्बन : पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गुरुवार को अंतराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वे अब पुर्तगाल के लिए नहीं खेलेंगे। रोनाल्डो ने छह फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया, यूरोपीय चैंपियनशिप खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का पुरुष खिलाड़ियों का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय फुटबाल से सन्यास के बावजूद अपने समकालीन लियोनेल मेस्सी की तरह रोनाल्डो भी क्लब स्तर पर खेलना जारी रखेंगे। उम्मीद है कि सऊदी अरब के क्लब अल-नासर के साथ मौजूदा सत्र के अंत में उनका क्लब करियर भी समाप्त हो जायेगा।
कोच से मतभेद, करियर का निराशाजनक अंत
रोनाल्डो (41) के शानदार करियर का आगाज यूरो 2004 से कुछ समय पहले हुआ और यह दो दशक से अधिक समय तक चला। उनके शानदार करियर का अंत हालांकि निराशाजनक अंदाज में हुआ। कोच जॉर्ज जीसस के साथ मतभेद के बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम से दूरी बना ली।
रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे वीडियो संदेश में कहा कि पुर्तगाल के लोगों, वह दिन आ गया है जब मैं अपनी राष्ट्रीय टीम की सात नंबर की जर्सी वापस सौंप रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैंने कभी नहीं माना कि यह जर्सी सिर्फ मेरी थी, लेकिन 23 साल तक इसे पहनने, इसकी गरिमा बनाये रखने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ लेकर उतरने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मुझे मिली।
आज इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। यह फैसला लेना आसान नहीं था, क्योंकि कुछ फैसले सिर्फ दिमाग से नहीं लिये जाते, बल्कि उनमें दिल की भी भूमिका होती है। अगस्त 2003 में शुरू हुआ सफर, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी, अब समाप्त हो गया है।
24 सितंबर को खेला आखिरी मुकाबला
रोनाल्डो का पुर्तगाल के लिए आखिरी मुकाबला 24 सितंबर को वेल्स के खिलाफ रहा। नेशंस लीग के इस मैच में पुर्तगाल ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद जीसस ने अगले मैच में रोनाल्डो को शुरुआती एकादश में जगह नहीं दी।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले मुकाबले में भी रोनाल्डो को शुरुआत से खिलाने की उनकी योजना नहीं है। इसके बाद रोनाल्डो ने टीम का शिविर छोड़ने का फैसला किया। जीसस ने हालांकि बाद में कहा कि रोनाल्डो का टीम में वापस स्वागत है और वापसी का फैसला उन्हें ही करना है।
करियर के 1,000 गोल से सिर्फ 15 गोल दूर..
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने देश के लिए रोनाल्डो के योगदान प्रति ‘कृतज्ञता और सम्मान’ व्यक्त करते हुए बयान जारी किया। महासंघ ने कहा कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल की पहचान और प्रतिष्ठा को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने उन युवा पीढ़ियों को प्रेरित किया है, जो उनके नक्शेकदम पर चलने का सपना देखते हैं। हममें से बहुत से लोगों के लिए वह सर्वकालीन महानतम खिलाड़ी हैं। महासंघ ने यह भी कहा कि वह रोनाल्डो के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित करने की योजना बना रहा है, जिसमें प्रशंसकों और पूरे देश को एक बार फिर उस खिलाड़ी की सराहना और जश्न मनाने का मौका मिलेगा, जिसने पुर्तगाल को बहुत कुछ दिया है।
रोनाल्डो फिलहाल अपने करियर के 1,000 गोल से सिर्फ 15 गोल दूर है। इनमें से पुर्तगाल की ओर से 234 अंतरराष्ट्रीय मैचों में रिकॉर्ड 146 गोल भी शामिल है।