बर्मिंघम : भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव और कौशल का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि दोनों 50 ओवर के प्रारूप में भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले गिल ने कहा कि टीम को उम्मीद है कि रोहित और कोहली अपनी अनुभवी बल्लेबाजी से टीम को जीत की राह पर लौटाएंगे। इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T-20 सीरीजों में क्रमश: 0-2 और 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और वे आज भी हमारी वनडे टीम का अभिन्न हिस्सा हैं।’
उन्होंने कहा, ‘दोनों का अनुभव और कौशल टीम के लिए बेहद अहम है। हमने पिछले दस वर्षों में अलग-अलग परिस्थितियों, टूर्नामेंटों और बड़े मुकाबलों में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन देखा है। गिल ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से दबाव की परिस्थितियों में टीम को काफी फायदा मिलता है। उन्होंने कहा, ‘जब टीम में अनुभवी खिलाड़ी होते हैं तो दबाव की स्थिति में स्वाभाविक रूप से संयम बना रहता है, क्योंकि वे ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना कर चुके होते हैं। अनुभव किसी भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। गिल ने बताया कि उन्होंने नेट सत्र में कोहली के साथ 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम संयोजन पर चर्चा की।
उन्होंने कहा, ‘हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए सबसे उपयुक्त संयोजन क्या हो सकता है। कौन-से खिलाड़ी अभी टीम में नहीं हैं लेकिन भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं। हमने तेज गेंदबाजों, हरफनमौला और स्पिनरों सहित कई विकल्पों पर बात की।’ गिल ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। बुमराह को IPL 2026 के बाद थकान और चोट से बचाने के लिए आराम दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘बुमराह कुछ समय बाद टीम में लौट रहे हैं। उम्मीद है कि उन्होंने इस वनडे सीरीज से पहले पर्याप्त गेंदबाजी की होगी। आशा है कि यह सीरीज उनके लिए अच्छी रहेगी और हम जीत के साथ इसका समापन करेंगे।’