खेल

भारतीय फुटबॉल के लिए आवाज उठाना मेरी जिम्मेदारी : प्रफुल्ल पटेल

भारतीय फुटबॉल इस समय बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है : पटेल

Rajesh Nain

नयी दिल्ली :

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के पूर्व अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भारतीय फुटबॉल की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए सभी संबंधित पक्षों से गंभीर आत्ममंथन करने की अपील की है। उन्होंने हालांकि इस चुनौतीपूर्ण दौर में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की सलाह भी दी। वर्ष 2022 तक 12 साल से अधिक समय तक AIFF की कमान संभालने वाले पटेल ने कहा कि देश के फुटबॉल से जुड़े एक जिम्मेदार व्यक्ति होने के नाते वह मौजूदा घटनाक्रम पर चुप्पी साधकर नहीं बैठ सकते।

उन्होंने कहा, ‘मैंने कई वर्षों तक एआईएफएफ का नेतृत्व किया है और फीफा परिषद के सदस्य के रूप में भी काम किया है। ऐसे में मैं खुद को भारतीय फुटबॉल से जुड़ा एक जिम्मेदार व्यक्ति मानता हूं। भारतीय फुटबॉल के सामने मौजूद चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों पर अपनी बात रखना मेरी जिम्मेदारी है।

सभी संबंधित पक्षों को गंभीरता से आत्ममंथन करने की जरूरत है। भारतीय फुटबॉल इस समय बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। सामूहिक समझ और विचार-विमर्श के जरिए हमें इसे उचित दिशा और मार्गदर्शन देना होगा। इसीलिए मैंने कहा है कि जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की जरूरत नहीं है।’

पटेल का जल्दबाजी में निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने का बयान AIFF के 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव से पहले महासंघ के भावी नेतृत्व को लेकर व्यापक विचार-विमर्श की जरूरत की ओर संकेत माना जा रहा है। इन चुनावों में नये कार्यकारी परिषद का चयन होना है। ऐसी अटकलें भी हैं कि पटेल AIFF अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि उन्होंने अब तक इस बारे में कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।

वर्ष 2022 में पद छोड़ने के बाद 4 साल की अनिवार्य ‘कूलिंग ऑफ’ (अनिवार्य अंतराल अवधि) पूरी कर चुके पटेल अब अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के पात्र हैं। उनका यह बयान उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष और भाजपा नेता अरविंद मेनन के एआईएफएफ अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी घोषित करने के एक दिन बाद आया है। इससे पहले शनिवार को पटेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी भारतीय फुटबॉल की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।

उन्होंने कहा था कि देश का फुटबॉल बेहद चुनौतीपूर्ण दौर की ओर बढ़ रहा है और सभी संबंधित पक्षों को गंभीर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय फुटबॉल के सामने बेहद चुनौतीपूर्ण समय आने वाला है। खेल के प्रति लोगों का प्यार और जुनून कई गुना बढ़ा है, लेकिन बदलाव की गति को भी इसके अनुरूप तेज करने की जरूरत है। भारतीय फुटबॉल में मौजूदा माहौल सभी संबंधित पक्षों से गंभीर आत्ममंथन की मांग करता है।

ऐसा नहीं होने पर हम युवा फुटबॉलरों, प्रशंसकों और देश के सबसे लोकप्रिय जनखेल के सभी हितधारकों के भविष्य को जोखिम में डाल सकते हैं।’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता पटेल ने भारतीय फुटबॉल के राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व करने के अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में खेल को शौकिया स्तर से पेशेवर ढांचे की ओर ले जाने और जमीनी स्तर से लेकर सीनियर टीम तक एक व्यवस्थित फुटबॉल संस्कृति विकसित करने की दिशा में काम हुआ।

एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष और फीफा परिषद के सदस्य रह चुके पटेल ने कहा, ‘एएफसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और फीफा परिषद में पहले भारतीय सदस्य के रूप में मैंने काम किया है। मुझे पता है कि पुरुष और महिला फीफा अंडर-17 विश्व कप तथा विभिन्न एशियाई चैंपियनशिप के माध्यम से हम भारत की ओर इन संस्थाओं का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे थे।’

SCROLL FOR NEXT