खेल

उप कप्तान हो सकते हैं राहुल

श्रेयस अय्यर के एशियाई खेलों में व्यस्त रहने से राहुल पर उप-कप्तानी की जिम्मेदारी, पंत-जुरेल के बीच दूसरे विकेटकीपर की जंग तेज

Deepak Ram

नयी दिल्ली : अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैच की आगामी वनडे सीरीज के लिए भारत का उप-कप्तान बनाया जा सकता है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे अभियान की शुरुआत तिरुवनंतपुरम से करेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा मैच तीन अक्टूबर को मुल्लांपुर में खेला जाएगा। वेस्टइंडीज सीरीज और ईरानी कप के लिए भारतीय टीम का चयन 16 सितंबर को यहां किया जाना है। इससे एक दिन पहले अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। चयनकर्ताओं के प्रमुख अजीत अगरकर इस मुकाबले को देखने के लिए मौजूद रहेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि अगरकर के निर्धारित अनुबंध की अवधि में यह चयन बैठक उनका आखिरी काम होगा। उनका अनुबंध चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। अगरकर अपने अनुबंध को एक और साल के लिए बढ़ाने के पात्र हैं, लेकिन फिलहाल BCCI ने उनके भविष्य को लेकर चुप्पी साध रखी है। समझा जाता है कि एशियाई खेलों की तारीखें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से टकरा रही हैं। ऐसे में नियमित 50 ओवर के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे क्योंकि वह जापान में T-20 टीम की अगुवाई कर रहे होंगे। वहीं ईशान किशन भी एशियाई खेलों की टीम में होंगे। ऐसे में राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के स्थान को लेकर चर्चा होगी। इस स्थान के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला है।

चयन प्रक्रिया से जुड़े BCCI के एक सूत्र ने कहा, ‘यह पंत और जुरेल के बीच चयन है। जाहिर तौर पर मुख्य कोच और कप्तान की राय महत्वपूर्ण होगी।’ समझा जाता है कि अगर पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में नहीं चुना जाता है तो वह श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप में शेष भारत की टीम की कप्तानी करेंगे। अगर पंत को भारतीय टीम में चुना जाता है, तो जुरेल शेष भारत की टीम की कप्तानी कर सकते हैं। उन्होंने हाल में श्रीलंका में भारत ए की कप्तानी की थी। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए वनडे टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर चुनना मुश्किल हो सकता है जब तक कि हार्दिक पंड्या को फिट घोषित नहीं कर दिया जाता। हार्दिक को भारत ए टीम में चुना गया है।

बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उनके 20 सितंबर से प्रतिस्पर्धी सफेद गेंद क्रिकेट खेलने के लिए फिट होने की उम्मीद है। सूत्र ने कहा, ‘चयनकर्ताओं ने हार्दिक को छह अक्टूबर से पुडुचेरी में होने वाले भारत ए के एकदिवसीय मैचों के लिए चुना है। हालांकि वेस्टइंडीज वनडे तीन अक्टूबर को समाप्त हो जाएंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक को वेस्टइंडीज वनडे के लिए चुना जाता है या नहीं।’ हालांकि तेज गेंदबाजी आक्रमण में स्थिति स्पष्ट नजर आ रही है। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव सभी फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में रुतुराज गायकवाड़ के चुने जाने की संभावना है।

कई रिजर्व खिलाड़ियों के चोटिल होने से भी चयन समिति के लिए टीम चुनने की प्रक्रिया मुश्किल हो रही है। खासकर ऑलराउंडरों के विकल्प फिलहाल सीमित हैं। इस समय चोटिल खिलाड़ियों की सूची में हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, मोहसिन खान, वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा और शाहबाज अहमद शामिल हैं। ये सभी सीनियर टीम, भारत ए या ईरानी कप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी खिलाड़ियों का बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में ‘रिहैबिलिटेशन’ चलेगा। मुंबई के अनुभवी घरेलू क्रिकेटर सरफराज खान के शेष भारत टीम में चुने जाने की संभावना है जिन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली थी। दिल्ली के युवा बल्लेबाज सनत संगवान और आयुष दोसेजा के भी शेष भारत टीम का हिस्सा बनने की उम्मीद है। उनके साथ रविचंद्रन स्मरण को भी टीम में शामिल किया जा सकता है।

SCROLL FOR NEXT