खेल मंत्री मनसुख मांडविया 
खेल

प्रधानमंत्री नशामुक्ति के खिलाफ अभियान का आगाज करेंगे : मांडविया

युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर लगाम के लिए सौ सप्ताह तक चलेगा ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’, देशभर में खेल, वॉकाथन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जागरूकता

नयी दिल्ली : भारत में युवाओं में नशे की बढ़ती लत से चिंतित खेल और युवा कार्यमंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को सौ सप्ताह तक चलने वाले ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की घोषणा की जिसका आरंभ दो अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। मांडविया ने बुधवार को यहां कहा कि यह एक दिवसीय अभियान नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के आहवान पर 100 सप्ताह तक चलने वाला जन भागीदारी अभियान होगा। उन्होंने कहा, ‘दो अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का आरंभ करेंगे और देश के युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिये प्रेरित करेंगे।’

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सौ सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में खेलकूद आयोजन, वॉकाथन, ध्यान के सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला स्पर्धायें और नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जायेंगे। मांडविया ने कहा, ‘नशे की समस्या तेजी से विकराल रूप लेती ला रही है जो गंभीर चिंता का विषय है। मैं देश के सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि प्रधानमंत्री जी के इस राष्ट्रहित के आहवान से जुड़ें और अभियान का सक्रिय हिस्सा बनें। देशभर के लगभग 10000 स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा इस राष्ट्रीय संकल्प में सहभागी बनेंगे।’ अभियान में ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म के जरिये जुड़ा जा सकता है। इसमें ‘माय भारत’ स्वयंसेवी, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, एनजीओ और 125 से अधिक अध्यात्मिक संगठन जुड़ने जा रहे हैं।

खेलमंत्री ने बताया कि इस अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वां, 75वां और 100वां सप्ताह जैसी उपलब्धि पर सम्मानित भी किया जायेगा। ‘नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो’ की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार देश भर में लगभग 1.34 लाख किलो नशीले पदार्थ जब्त किए गए जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,980 करोड़ रुपये है। इसी साल 42,282 एकड़ में हो रही अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया जबकि 2020 में यह आंकड़ा 10000 एकड़ था।

SCROLL FOR NEXT