Ashley Landis
खेल

पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा

छठे विश्व कप में भी चमके 41 वर्षीय क्रिस्टियानो, दो गोल के साथ इतिहास रचकर पुर्तगाल को ग्रुप में मजबूत बढ़त दिलाई

ह्यूस्टन : स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने छठे विश्व कप में निराशाजनक शुरुआत से उबरते हुए अपना असली जलवा दिखाया और रिकॉर्ड दो गोल किए जिससे पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से करारी शिकस्त दी। रोनाल्डो कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे शुरुआती मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन उज्बेकिस्तान के खिलाफ वह अपने पूरे रंग में दिखे। रोनाल्डो ने बाद में पुर्तगाली भाषा में दार्शनिक अंदाज में कहा, ‘हमने अपने खेल में सुधार किया। यही जीवन है।

कभी-कभी चुनौतियां आती हैं। मुख्य लक्ष्य हमेशा सुधार करना होता है और हमने वही किया।’41 वर्षीय रोनाल्डो इस तरह से छह अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इस जीत से पुर्तगाल के अब ग्रुप में चार अंक हो गए हैं। पुर्तगाल अपना अंतिम ग्रुप मैच शनिवार को मियामी में कोलंबिया के खिलाफ खेलेगा। उज्बेकिस्तान इसी दिन अटलांटा में कांगो से भिड़ेगा। कांगो के खिलाफ मैच में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कुछ आलोचकों ने सवाल उठाए कि क्या रोनाल्डो को शुरुआती लाइनअप में बनाए रखना चाहिए।

लेकिन कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने इस सुपरस्टार पर भरोसा बनाए रखा। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और रोनाल्डो ने छठे मिनट में ही टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। रोनाल्डो ने कहा कि यह सप्ताह काफी मुश्किल था क्योंकि काफी आलोचना हो रही थी और मुख्य रूप से कोच निशाने पर थे। उन्होंने कहा, ‘लेकिन ऐसा हमेशा होता है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मैं 23 साल से खेल रहा हूं। जब सब कुछ ठीक चलता है, तो लोग कहते हैं ‘क्रिस्टियानो अच्छा है’, जब सब कुछ खराब चलता है, तो लोग कहते हैं ‘क्रिस्टियानो तो रिटायर हो चुका है, बूढ़ा हो गया है।’

ऐसा हमेशा होता रहेगा।’ रोनाल्डो ने 39वें मिनट में एक और गोल किया, जब ब्रूनो फर्नांडीस से पास मिलने पर उन्होंने अपने दाहिने पैर से नजदीकी पोस्ट के ठीक अंदर से गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में फ्री किक से 2-0 की बढ़त बनाई थी। पुर्तगाल ने 60वें मिनट में अब्दुवोहिद नेमातोव के आत्मघाती गोल की बदौलत 4-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद 83वें मिनट में मैदान में उतरे राफेल लेओ ने चार मिनट बाद गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। उज्बेकिस्तान के मिडफील्डर अजीजजोन गनीव ने 30वें मिनट में गोल किया था, लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।

SCROLL FOR NEXT