खेल

पुर्तगाल ने रोनाल्डो को निलंबित किया

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पुर्तगाल टीम से निलंबित, अनुशासनात्मक जांच शुरू

Deepak Ram

लिस्बन : पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने टीम का साथ छोड़ने के मामले में दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की है। महासंघ ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि मामले को अनुशासनात्मक जांच समिति के पास भेज दिया गया है। जांच के निष्कर्ष आने तक उन्हें गोपनीय रखा जाएगा। 41 वर्षीय रोनाल्डो ने नए कोच जॉर्ज जीसस के साथ खेलने के कम मौके मिलने को लेकर विवाद के बाद अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान टीम का शिविर छोड़ दिया था।

इस दौरान जिन तीन मुकाबलों में रोनाल्डो या तो मैदान पर नहीं उतरे या टीम में शामिल नहीं थे, उनमें पुर्तगाल ने जीत दर्ज की। उनकी जगह खेलने वाले गोंसालो रामोस ने मौके का फायदा उठाते हुए तीन गोल किए। अंतरराष्ट्रीय मैचों का यह दौर खत्म होने के बाद रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर अपने 67.9 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स के लिए एक लंबा संदेश साझा किया। उन्होंने मुख्य कोच जॉर्ज जीसस से अपनी गलती स्वीकार करने की अपेक्षा जताई।

रोनाल्डो के अनुसार, नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में उन्हें मैदान के किनारे अभ्यास के लिए भेजा गया, लेकिन बाद में खेलने का मौका नहीं दिया गया। हालांकि, पुर्तगाल के कोच ने किसी गलती को स्वीकार नहीं किया। रोनाल्डो ने अपने संदेश में यह भी लिखा कि उन्हें महासंघ के नियमों के तहत निलंबन की आशंका थी। इसके बावजूद उन्होंने प्रशंसकों से वादा किया कि ‘उनके लिए विदाई के एक या उससे अधिक मुकाबले जरूर होंगे’।

SCROLL FOR NEXT