खेल

PHF प्रमुख ने दिया इस्तीफा

विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था।

कराची : पाकिस्तान हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होटल बुकिंग प्रकरण के कारण टीम को हुई परेशानियों से पैदा हुए विवाद के बीच पद से इस्तीफा दे दिया है। बुगती ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने PHF के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से ऑस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।’ विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तानी हॉकी कप्तान शकील अम्माद बट ने एक और क्लिप जारी की जिसमें दावा किया गया कि सब कुछ ठीक है और कोई दिक्कत नहीं है। कुछ दिन बाद हालांकि वापिस लौटने पर बट ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में PHF की आलोचना करके दौरे पर कुप्रबंधन के लिये उसे दोषी ठहराया। एक और वीडियो में दावा किया गया कि होटल बुकिंग के अभाव में टीम सड़कों पर भटकती रही और मैच खेलने से पहले बर्तन भी मांजे। बट को इन बयानों का खामियाजा भी भुगतना पड़ा और बुगती ने पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब करने के लिये उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया।

इस मामले में पाकिस्तान खेल बोर्ड और PHF एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बुगती ने PSB को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किये थे। वहीं जब दस लाख रुपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो PSB ने दिये थे, बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया। पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा। पाकिस्तान सारे आठ मैच हारकर नौ टीमों में आखिरी स्थान पर है। अब वह विश्व कप के आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने मिस्र जायेगा।

SCROLL FOR NEXT