ऋषभ पंत 
खेल

पंत WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने, स्टोक्स को पीछे छोड़ा

जैकब डफी की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया

Rajesh Nain

क्राइस्टचर्च :

भारत के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शनिवार को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पंत ने अपना 89वां छक्का लगाकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ दिया। पंत ने शनिवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया।

44वें मैच में ही रिकॉर्ड तोड़ा

यह WTC में पंत का 44वां टेस्ट मैच था। WTC की शुरुआत 2019 में हुई थी। स्टोक्स ने 64 टेस्ट मैचों में 88 छक्के लगाए हैं। पंत हालांकि 39 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने के समय न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में भारत का पहली पारी में स्कोर छह विकेट पर 116 रन था। WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले शीर्ष 5 बल्लेबाजों की सूची में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। इसमें 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 56 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि उनके बाद कप्तान बने शुभमन गिल 48 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 45 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

कुल छक्कों में स्टोक्स ही आगे

हालांकि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब भी स्टोक्स के नाम है। उन्होंने 122 टेस्ट मैच में 138 छक्के लगाए हैं। पंत 54 टेस्ट मैच में 109 छक्कों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले शीर्ष 10 बल्लेबाजों में भारत के दो अन्य खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और रोहित भी शामिल हैं। सहवाग ने 104 टेस्ट में 91 जबकि रोहित ने 67 टेस्ट में 88 छक्के लगाए हैं।
SCROLL FOR NEXT