हेनरी निकोल्स का संघर्षपूर्ण शतक 
खेल

खराब शुरुआत के बाद संभला न्यूजीलैंड

हेनरी निकोल्स के संघर्षपूर्ण शतक की बदौलत 5 विकेट पर 243 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली

Rajesh Nain

वेलिंगटन :

पहले टेस्ट के शुरुआती दिन न्यूजीलैंड खराब शुरुआत के बाद संभला और हेनरी निकोल्स के संघर्षपूर्ण शतक की बदौलत 5 विकेट पर 243 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। भारत के जसप्रीत बुमराह और उनके तीन अन्य साथी तेज गेंदबाजों के स्तर में अंतर अंतिम दो सत्र में साफ नजर आया जिसका फायदा न्यूजीलैंड ने उठाया।बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय 5 विकेट पर 70 रन था लेकिन इसके बाद निकोल्स (नाबाद 113 रन, 221 गेंद) ने शतक जड़ने के अलावा ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 94 रन, 181 गेंद) के साथ छठे विकेट के लिए 173 रन की अटूट साझेदारी करके मेजबान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

30 ओवर के बाद बदली खेल की

तस्वीर

जब बुमराह (52 रन देकर 3 विकेट) ने टॉम ब्लंडेल (05) को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया तो भारत के पास न्यूजीलैंड को कम स्कोर पर समेटने का अच्छा मौका था, लेकिन भारतीय गेंदबाजी इकाई के कौशल की सीमाओं और 30 ओवर के बाद कूकाबूरा गेंद की चमक फीकी पड़ने से मैच का रुख पूरी तरह बदल गया। शुरुआती विकेट लेने के बाद ‘एके-47’ के नाम से मशहूर अंशुल कंबोज (57 रन देकर एक विकेट) प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। हालांकि उन्हें सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (04) के खराब शॉट के कारण विकेट मिला था। कंबोज को जल्द ही समझ आ गया कि केवल किफायती और स्टंप की लाइन में गेंदबाजी करने से विकेट हासिल नहीं किए जा सकते। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा (बिना विकेट के 58 रन) ने बार-बार जरूरत से ज्यादा आगे या छोटी गेंदें डालकर काफी चौके दिए।आकाश दीप (33 रन देकर एक विकेट) ने कुछ अच्छी गेंदें डालीं, लेकिन पुरानी गेंद से केवल बुमराह ही विपक्षी बल्लेबाजों के लिए खतरा बने रहे। बुमराह ने कई बार निकोल्स के बल्ले को छकाया लेकिन उन्हें इसका ज्यादा फायदा नहीं मिला। लंच के बाद के सत्र में फिलिप्स ने जवाबी हमला शुरू किया जिससे न्यूजीलैंड की पारी को गति मिली और निकोल्स को भी खुलकर खेलने का भरोसा मिला। दिग्गज केन विलियमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ा था और अब उनका यह शतक भी मैच का रुख बदलने वाला साबित हो सकता है। उन्होंने 188 गेंद में अपना शतक पूरा किया। दूसरी ओर फिलिप्स अधिक आक्रामक अंदाज में खेले और जैसे-जैसे ओवर आगे बढ़े उन्होंने अधिक सहजता से चौके लगाने शुरू कर दिए।

कंबोज पर दांव सफल नहीं रहा

कंबोज के मामले में उनकी कम गति एक बार फिर बड़ी कमजोरी साबित हुई। गिल ने निकोल्स को शॉर्ट गेंदों से परेशान करने के लिए लेग साइड पर 6 क्षेत्ररक्षक लगाए लेकिन यह रणनीति काम नहीं आई। कंबोज की औसत गति लगभग 128 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रही जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी साधारण है। भारत ने दूसरी बार कंबोज पर भरोसा जताया है और इस बार उन्हें मोहम्मद सिराज की जगह टीम में शामिल किया गया। फिलहाल यह फैसला भारत के पक्ष में नहीं गया है।पिच पर उछाल था लेकिन शुरुआती नमी सूखने के बाद उसका फायदा उठाने के लिए उच्चस्तरीय कौशल की जरूरत थी। बुमराह ने तीन विकेट लिए और थोड़े भाग्यशाली रहते तो 2 विकेट और हासिल कर सकते थे। निकोल्स के 12वां टेस्ट शतक पूरा करने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के लिए मजबूर किया। हालांकि ऋषभ पंत और देवदत्त पडिक्कल के बीच तालमेल की कमी के कारण पडिक्कल इस मौके को भुनाने में नाकाम रहे।

टॉस भारत ने जीता

सुबह गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और नई कूकाबूरा गेंद की चमक रहने तक बुमराह को दूसरे छोर से अच्छा सहयोग मिला। भारत ने सुबह के सत्र में कप्तान टॉम लैथम (00), डेवोन कॉनवे (04), रचिन रविंद्र (15) और डेरिल मिचेल (01) के विकेट हासिल किए। बुमराह के पहले ही ओवर में लैथम ने गेंद को उसके कोण के साथ बाहर जाने की उम्मीद में छोड़ दिया लेकिन गेंद अंदर की ओर मुड़ी और ऑफ स्टंप की बेल्स गिरा गई। पिच पर करीब 15 मिलीमीटर हरी घास मौजूद थी। ऐसे में बुमराह ने 6 से 8 मीटर की लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए उछाल और हल्की आउटस्विंग से निकोल्स तथा रविंद्र दोनों को परेशान किया। मिचेल क्रीज पर आने के बाद अतिरिक्त उछाल और गेंद की मूवमेंट का सामना करने के लिए आगे निकलकर खेलने की कोशिश करने लगे। बुमराह ने गिल से शॉर्ट लेग पर क्षेत्ररक्षक बनाए रखने का आग्रह किया और इसका तुरंत फायदा मिला। मिचेल दो कदम आगे बढ़े और शरीर की तरफ कमर की ऊंचाई पर आई गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की लेकिन शॉर्ट लेग पर खड़े यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच लपक लिया। बुमराह ने ब्लंडेल को भी शानदार गेंदबाजी से आउट किया। उन्होंने लगातार दो गेंदें एक ही स्थान पर डालीं और फिर तीसरी गेंद की लेंथ थोड़ा पीछे खींचकर ब्लंडेल को असहज स्थिति में ला दिया जिसके बाद गिल ने कैच लपक लिया।हालांकि यह दिन में भारतीय टीम के लिए आखिरी बड़ी सफलता साबित हुई।
SCROLL FOR NEXT