अलीपुरदुआर :बीरपाड़ा जुबली क्लब मैदान में रविवार को फुटबॉल का रोमांच देखने को मिला। अलीपुरदुआर के सांसद मनोज टिग्गा ने फुटबॉल को किक मारकर इस वर्ष के एमपी गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी पहुंचे। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों की टीमों के साथ असम और नेपाल की एक-एक टीम भी टूर्नामेंट में शामिल हुई है। पड़ोसी राज्य और नेपाल की टीमों की भागीदारी से इस बार प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
उद्घाटन समारोह में गृह राज्य मंत्री विशाल लामा, अलीपुरदुआर के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार साउ, जलदापाड़ा के डीएफओ प्रवीण काशवान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मोंगरा एफसी शमुकतला और जॉर्जियन एफसी कालिम्पोंग के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मोंगरा एफसी शमुकतला ने 2-1 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।
इस मौके पर सांसद मनोज टिग्गा ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बीरपाड़ा में एमपी गोल्ड कप आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा दे सकता है। वर्तमान समय में कई युवा नशे और मोबाइल की लत से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे युवाओं को इनसे दूर कर खेलों की ओर आकर्षित करना टूर्नामेंट का प्रमुख उद्देश्य है। पूरे दिन जुबली क्लब मैदान में फुटबॉल प्रेमियों की भीड़ रही। मुकाबलों के दौरान मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।