Modi Khelo India -
खेल

बिहार में पहली बार खेलो इंडिया गेम्स शुरू

प्रधानमंत्री मोदी ने किया उद्घाटन, वैभव का जिक्र, खिलाड़ियों को लिट्टी-चोखा खाने की दी सलाह

नई दिल्ली/पटना : बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। खेलो इंडिया युवा खेलों के सातवें संस्करण में 6,000 से अधिक खिलाड़ियों ने 27 खेलों में भाग लिया है। 4 से 15 मई तक खेले जाने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार के पांच राज्यों के अलावा देश की राजधानी नई दिल्ली में किया जाएगा। इनमें अधिकांश खेलों की मेजबानी पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगुसराय करेंगे। वहीं, निशानेबाजी, जिम्नास्टिक और ट्रैक साइकिलिंग के खेल राजधानी दिल्ली में होंगी। इसी के साथ पटना के पाटलीपुत्र खेल परिसर में तीरंदाजी, कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं की शुरुआत के साथ रविवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत हुई। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मौके पर मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दौरान बिहार के अलग-अलग हिस्सों में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारत में खेल अब एक संस्कृति के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। ये खेल संस्कृति जितनी बढ़ेगी, उतनी ही यह भारत की सॉफ्ट पावर भी बढ़ाएगी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत में खेलों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। उन्होंने खेल के क्षेत्र में देश की ताकत को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, हम सभी ने बिहार के बेटे वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में शानदार प्रदर्शन देखा है। वैभव ने इतनी कम उम्र में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। उनके खेल के पीछे उनकी मेहनत तो है ही, लेकिन विभिन्न स्तरों पर मैच खेलने का भी बड़ा योगदान है। इसका मतलब है कि जो जितना खेलेगा, वो उतना ही खिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में खेलों के विकास के लिए इस साल के 4,000 करोड़ रुपए के बजट में से एक बड़े हिस्से का उपयोग खेलों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय खेलों को नई दिशा मिलेगी और देश में खेलों के प्रति जागरूकता और जोश बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि खेल भारत में केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान बन चुके हैं। जैसे-जैसे हमारी खेल संस्कृति का विकास होगा, वैसे-वैसे भारत की ताकत भी सुपरपावर के रूप में बढ़ेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बिहारी व्यंजनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी बिहार के बाहर से आए हैं, वे बिहार में लिट्टी-चोखा का स्वाद जरूर लें। साथ ही, वहां का मखाना भी खाना नहीं भूलें।इस दौरान कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई लोग मौजूद थे।

मैं राजग में ही रहूंगा : नीतीश कुमार

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को सत्ता में आने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी को दिया और कहा कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में ही बने रहेंगे। कुमार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात दोहराई। इन खेलों में देश भर से हजारों युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पिछले एक दशक में कई बार साझेदार बदलने वाले नीतीश ने कहा कि मैं हमेशा यहीं रहूंगा। मेरी पार्टी ने पहले भी मुझे कई बार यहां-वहां भेजा। लेकिन ऐसा दोबारा नहीं होगा। मुझे (मुख्यमंत्री) किसने बनाया? स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने।

SCROLL FOR NEXT