नयी दिल्ली :
पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से पहले पारस म्हाम्ब्रे को गेंदबाजी कोच और राजीव कुमार को फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। ये दोनों ऑस्ट्रेलिया के जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले महीने क्रमशः गेंदबाजी और फील्डिंग कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। म्हम्ब्रे को पिछले महीने मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ से बाहर कर दिया था। यह दूसरा अवसर होगा जबकि 54 वर्षीय म्हाम्ब्रे पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर काम करेंगे। इससे पहले वह 2015 में मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में पोंटिंग के साथ काम कर चुके हैं। म्हाम्ब्रे के पास काफी अनुभव है। उन्होंने 2021 से 2024 तक राहुल द्रविड़ के मुख्य कोच रहते हुए भारत के गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम किया था। राजीव कुमार इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के सहायक कोच थे।पंजाब किंग्स को अब भी आईपीएल में अपने पहले खिताब की तलाश है। उसकी टीम 2014 और 2025 में उपविजेता रही थी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम पिछले सत्र में पांचवें स्थान पर रही थी।