नयी दिल्ली : खेल मंत्री मनसुख मांडविया आगामी पैरा एशियाई खेलों के लिये चयन प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और हेरफेर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पैरा निशानेबाजों से शुक्रवार को मुलाकात करेंगे और उनकी शिकायतों के समाधान का प्रयास करेंगे। खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मुख्यालय में प्रदर्शन किया था और गुरुवार को यहां खेलों के लिये रवाना होने वाले पैरा खिलाड़ियों के विदाई समारोह के दौरान भी अपना विरोध जारी रखा। पैरा एशियाई खेल जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित किये जाएंगे।
मंत्रालय के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने कहा, ‘फिलहाल जिस तरह से पैरा निशानेबाजी का संचालन किया जा रहा है, उसमें संस्थागत स्तर पर कई समस्याएं दिखाई देती हैं। मामला केवल एशियाई खेलों तक सीमित नहीं है। मंत्री खिलाड़ियों से मिलकर भ्रष्टाचार सहित उनके द्वारा उठाये गये मुद्दों का समाधान करने का प्रयास करेंगे।’ भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि टीम का चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर किया गया है। इस बीच छह पैरा साइकिलिस्टों ने भी गुरुवार दोपहर साइ मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
चयन मानदंड पूरा नहीं करने के कारण उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है। हालांकि, उनके प्रदर्शन से कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है क्योंकि खेलों के लिये अंतिम प्रविष्टियां पहले ही जमा की जा चुकी हैं। केवल पैरालंपियन अरशद शेख को ही खेल मंत्रालय से खेलों में हिस्सा लेने की मंजूरी मिली है। अरशद ने इस साल एशियाई पैरा रोड चैंपियनशिप में नौ खिलाड़ियों में चौथा स्थान हासिल किया था। वह एशियाई पैरा ट्रैक चैंपियनशिप की एक किलोमीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में आठ खिलाड़ियों में पांचवें स्थान पर रहे थे।