मुंबई : 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2027 के सत्र से पहले शुक्रवार को अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। टीम ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रोबिन उथप्पा को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया। उथप्पा के अलावा न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच, जबकि पूर्व भारतीय क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप को इसी भूमिका में नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने धवल कुलकर्णी को विकास गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है।इस तरह से उथप्पा, मैक्लेनाघन और कुलकर्णी की मुंबई इंडियंस की टीम में वापसी हो रही है, जो पहले खिलाड़ी के तौर पर इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं। यह तीनों नवनियुक्त मुख्य कोच कीरोन पोलार्ड के साथ मिलकर नए कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनेंगे। मुंबई इंडियंस ने IPL में अपना आखिरी खिताब 2020 में जीता था। पिछले सत्र में उसकी टीम नौवें स्थान पर रही थी। उथप्पा 2007 में पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। यह 40 वर्षीय खिलाड़ी IPL के पहले सत्र में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला था।मुंबई इंडियंस ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘हमारे पहले सत्र का हिस्सा बनने से लेकर अब अपार अनुभव के साथ वापसी करने तक, रोबिन खेल की गहरी समझ, बेहतरीन संवाद क्षमता और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने की स्पष्टता के साथ टीम से जुड़ रहे हैं। मुंबई इंडियंस में आपका फिर से स्वागत है रोबिन।’ दिलीप 2024 और 2026 के टी20 विश्व कप और 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के दौरान भारत की कोचिंग टीम का हिस्सा थे। मुंबई इंडियंस के साथ चार बार IPL चैंपियन रह चुके मैक्लेनाघन ने 2015 से 2020 के बीच फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे की जगह ली है। मुंबई इंडियंस ने जब 2013 और 2020 में खिताब जीता था तब कुलकर्णी उसका हिस्सा थे। वह 2008 से 2013 और फिर 2020 से 2021 तक मुंबई की तरफ से खेले थे। मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को गेंदबाजी कोच मलिंगा और म्हाम्ब्रे के साथ-साथ क्षेत्ररक्षण कोच कार्ल हॉपकिंसन से भी नाता तोड़ने का फैसला किया था। फ्रेंचाइजी ने पिछले सप्ताह अपने बल्लेबाजी कोच पोलार्ड को मुख्य कोच के रूप में पदोन्नत किया था, जिन्होंने माहेला जयवर्धने की जगह ली।