हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह  
खेल

IPL का बड़ा सौदा : हार्दिक 18 करोड़ में पंजाब और अर्शदीप मुंबई से जुड़े

हार्दिक की फीस में 1.65 करोड़ की बढ़ोतरी, नियमों के अनुसार उन्हें बढ़ोतरी का 50% मिलेगा

Ravi

नयी दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित अदला बदली (ट्रेडिंग) में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये की बढ़ी हुई कीमत पर पंजाब किंग्स (PBKS)से जुड़ गये हैं जबकि मुंबई इंडियंस (MI) ने उनकी जगह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये की मौजूदा कीमत पर अपनी टीम में लिया है।

इससे पहले संजू और जडेजा की भी हुई अदला बदली

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इस साल (IPL के पिछले सत्र से पहले) राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बदले में राजस्थान रॉयल्स ने CSK से रविंद्र जडेजा को 14 करोड़ और सैम कुरेन को 2.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। ट्रांसफर फीस दोनों फ्रेंचाइजी के बीच आपसी समझौता है और यह टीम में बनाये रखने की फीस (रिटेंशन फीस यानि फ्रेंचाइजी का खिलाड़ी को भुगतान किया जाने वाला वेतन) से अलग है।

हार्दिक की बढ़ोतरी का आधा MI को मिलेगा

दोनों टीमों ने आपसी सहमति से तय किया कि हार्दिक की फीस में 1.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी और मौजूदा नियमों के अनुसार उन्हें इस बढ़ोतरी का 50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। बाकी रकम मुंबई इंडियंस को मिलेगी। हार्दिक का इस तरह से मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है।

वे पहली बार 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और तब उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ चार खिताब जीते थे। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम को 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। मुंबई की टीम के साथ सात सत्र बिताने के बाद हार्दिक 2022 में 15 करोड़ रुपये की फीस पर गुजरात टाइटन्स में शामिल हो गये और उन्होंने फ्रेंचाइजी को अपने पहले ही सत्र में खिताब दिलाया।

हार्दिक ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की थी और रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभाली थी लेकिन इस बीच उनकी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। चोटों से परेशान रहे हार्दिक हालांकि परिस्थितियों से परेशान रहे।

PBKS ने जताया अर्शदीप का आभार

पंजाब किंग्स ने टीम में अर्शदीप के योगदान को स्वीकार करते हुए एक बयान में कहा- ढेर सारी हंसी, अनगिनत यादें और ढेर सारी मस्ती। यादों के लिए आभार अर्श। अर्शदीप आठ सत्र तक पंजाब की टीम से खेलने के बाद अब मुंबई की टीम में शामिल हो रहे हैं।

इस तेज गेंदबाज ने 2019 में पंजाब की टीम से IPL में पदार्पण किया था और बायें हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने IPL के 96 मैच में 111 विकेट लिये हैं जो पंजाब किंग्स की तरफ से रिकॉर्ड है। उन्होंने 2025 के सत्र में 21 और 2026 में 14 विकेट लिए। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी टी20 प्रारूप में भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज भी है। उन्होंने 104 मैचों में 151 विकेट लिये हैं।

SCROLL FOR NEXT