लंदन : पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के फ्रांस के युवा फॉरवर्ड ब्रैडली बारकोला 123 मिलियन पाउंड (करीब 15.88 अरब रुपये) में लिवरपूल से जुड़ने जा रहे हैं। दोनों क्लबों के बीच हुए करार की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) से इसकी पुष्टि की। लिवरपूल 23 वर्षीय बारकोला के लिए 106 मिलियन पाउंड (लगभग 13.68 अरब रुपये) देगा, जबकि प्रदर्शन से जुड़ी शर्तों के तहत 17 मिलियन पाउंड (लगभग 2.19 अरब रुपये) तक अतिरिक्त भुगतान किया जा सकता है।
यह सौदा फ्रांस की लीग से किसी खिलाड़ी के जाने का नया रिकॉर्ड बन सकता है। ‘ट्रांसफर विंडो’ मंगलवार को बंद हो रही है। बारकोला 2023 में 45 मिलियन यूरो (लगभग 4.97 अरब रुपये) में लियोन से PSG पहुंचे थे और क्लब के साथ लगातार दो चैंपियंस लीग खिताब जीत चुके हैं। बाएं विंग पर खेलने वाले बारकोला को पीएसजी में अधिकतर ‘इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट’ के तौर पर इस्तेमाल किया गया, जबकि डिजिरे डुए को आमतौर पर उनसे पहले शुरुआती एकादश में जगह मिली।
लिवरपूल के लिए यह एक और बड़ा निवेश होगा। क्लब ने पिछले साल स्ट्राइकर अलेक्जेंडर इसाक पर 125 मिलियन पाउंड (16.14 अरब रुपये) और मिडफील्डर फ्लोरियन विर्ट्ज पर 116 मिलियन पाउंड (14.97 अरब रुपये) खर्च किए थे। बारकोला इस साल विश्व कप के सेमीफाइनल में स्पेन से हारने वाली फ्रांस टीम का भी हिस्सा थे।