कुमामोतो (जापान) : भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने बुधवार को यहां चीनी ताइपे के ची यू जेन को सीधे गेम में हराकर शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
आठवीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने यह मुकाबला 21-19, 21-18 से अपने नाम किया। जर्मनी में हायलो ओपन का खिताब जीतने के बाद लक्ष्य का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। हालांकि युगल मुकाबलों में भारत को निराशा का सामना करना पड़ा।
भारत के ध्रुव रावत और के. मनीषा को चीनी ताइपे की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ये होंग वेई और निकोल गोंजालेस चान के खिलाफ 21-16, 14-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं हरिहरन अमसाकरुणन और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी जियांग झेन बांग और वेई या शिन से 7-21, 9-21 से हार गयी।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को पिछले साल मलेशिया ओपन में ची यू जेन के खिलाफ हार मिली थी। हालांकि उसी साल ऑस्ट्रेलिया ओपन में उन्होंने इस हार का बदला ले लिया था। बुधवार को भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और मुकाबले में हर अंक के लिए संघर्ष हुआ।