खेल

कोलकाता रॉयल टाइगर्स की BIC रेसिंग फेस्टिवल में दमदार वापसी की तैयारी

इंडियन रेसिंग लीग में दम दिखाने उतरेगी कोलकाता रॉयल टाइगर्स, सौरव गांगुली को टीम से बड़ी उम्मीदें

Muskan Lall

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के स्वामित्व वाली कोलकाता रॉयल टाइगर्स इस सप्ताहांत बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में होने वाली इंडियन रेसिंग लीग (IRL) और F4 इंडियन चैंपियनशिप की अगली रेस में शानदार प्रदर्शन जारी रखने के इरादे से उतरेगी। टीम के ड्राइवर साईशिवा शंकरन ने हाल ही में IRL में दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि 15 वर्षीय आरोन मेहता ने F4 इंडियन चैंपियनशिप में अपनी पहली जीत दर्ज की थी।

सौरव गांगुली ने एक बयान में कहा कि दोनों चैंपियनशिप में टीम के ड्राइवरों का शानदार प्रदर्शन उत्साहजनक है। साईशिवा का पोडियम फिनिश और आरोन की ऐतिहासिक जीत टीम की क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में वापसी के साथ टीम का लक्ष्य पिछले प्रदर्शन को आगे बढ़ाना और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

IRL के दूसरे राउंड की पहली रेस में साईशिवा शंकरन ने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर दूसरा स्थान हासिल किया था। उन्होंने 27 मिनट 55.806 सेकंड में रेस पूरी की। इस मुकाबले में गोवा एसेस जेए रेसिंग के राउल हाइमन ने पहला स्थान हासिल किया। कोलकाता रॉयल टाइगर्स की टीम में शंकरन के अलावा कीऑन टंडन, जेम हेपवर्थ और आदित्य पटनायक भी शामिल हैं।

F4 इंडियन चैंपियनशिप में भी कोलकाता की टीम के लिए खुशी का मौका रहा। मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में तीसरे राउंड की रेस-3 में आरोन मेहता ने जीत दर्ज की। पोल पोजिशन से शुरुआत करने वाले आरोन ने स्पीड डेमन्स दिल्ली के न्तिसियो मबुंडा को 0.546 सेकंड से पीछे छोड़ दिया। 15 साल, छह महीने और छह दिन की उम्र में वह भारतीय F4 इतिहास के सबसे कम उम्र के रेस विजेता बन गए।

इस जीत के साथ आरोन चैंपियनशिप की अंक तालिका में 82 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके टीम साथी स्वर्णव दास ने भी शानदार वापसी करते हुए इसी रेस में चौथा स्थान हासिल किया। अपनी पहली जीत पर आरोन ने कहा कि F4 इंडियन चैंपियनशिप में पहली रेस जीतना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। सबसे कम उम्र का विजेता बनने पर उन्हें गर्व है, लेकिन वह जानते हैं कि अभी उन्हें काफी मेहनत करनी है।

इस सप्ताहांत IRL का तीसरा राउंड और F4 चैंपियनशिप का पांचवां राउंड आयोजित होगा। कोलकाता रॉयल टाइगर्स दोनों प्रतियोगिताओं में अपनी स्थिति बेहतर करने की कोशिश करेगी। सीजन का फाइनल दिसंबर में नवी मुंबई स्ट्रीट सर्किट में निर्धारित है। F4 एकल सीट वाली शुरुआती स्तर की रेसिंग श्रेणी है, जिसे अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल महासंघ (FIA) से मान्यता प्राप्त है। इसका उद्देश्य युवा ड्राइवरों को कार्टिंग से पेशेवर सर्किट रेसिंग तक पहुंचने का अवसर देना है। यह फॉर्मूला रेसिंग के अंतरराष्ट्रीय सफर का पहला चरण है, जहां से ड्राइवर आगे फॉर्मूला रीजनल, फॉर्मूला-3 और फॉर्मूला-2 के रास्ते F1 तक पहुंचने का लक्ष्य रखते हैं।

SCROLL FOR NEXT